जिला में अंतर जिला स्थानांतरण में आए जेबीटी की काउंसलिंग 18 अप्रैल को नए सिरे से की जाएगी। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों के रिक्त पदों का पूरा ब्योरा लेकर पहुंचना होगा। पूरा ब्योरा न देने वाले बीईओ पर कार्रवाई की जा सकती है। वहीं अधिकारियों ने गत दिनों की गई काउंसलिंग को भी तकनीकी कारणों के चलते पूरी तरह से कैंसिल कर दिया है।
विदित है कि गत दिनों जिले में 157 जेबीटी अंतरजिला स्थानंतरण में आए थे। इनमें पांच जेबीटी म्यूचुअल तबादला लेकर आए थे। गत दिनों जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी संतोष ग्रोवर की अगुवाई में गठित कमेटी ने राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में काउंसलिंग की गई थी, लेकिन तकनीकी कारणों के चलते काउंसलिंग को बीच में ही रोक दिया गया था।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षा निदेशालय से काउसंलिंग के बारे मार्गदर्शन मांगा। शिक्षा निदेशालय के मार्गदर्शन के बाद जेबीटी की पूर्व में की गई काउसंलिंग को स्थगित कर दिया गया। अध्यापकों की सुविधा को देखते हुए नए सिरे काउसंलिंग करने का फैसला लिया। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी संतोष ग्रोवर की अध्यक्षता में कमेटी 18 अप्रैल को दोबारा काउसंलिंग करेगी। जिसमें सभी बीईओ को अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों की वर्कलोड अनुसार रिक्त पदों को पूरी रिपोर्ट लेकर 18 अप्रैल को राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में पहुंचना होगा। उसी दिन प्रात: नौ बजे काउंसलिंग शुरू की जाएगी।
अंतरजिला स्थानांतरण में 137 जेबीटी की काउसंलिंग करनी है। जिले में कुछ जेबीटी की काउंसलिंग कर दी गई थी। अब निदेशालय के मार्गदर्शन अनुसार पूर्व की काउंसलिंग को भी स्थगित कर दिया गया है। अब नए सिरे से 18 अप्रैल को राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में नए सिरे से काउंसलिंग की जाएगी। सभी बीईओ को अपने-अपने स्कूलों की रिपोर्ट लेकर पहुंचना होगा। निदेशालय के आदेशों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संतोष ग्रोवर, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, पानीपत।