तहसील में रजिस्ट्री खिड़की पर खड़े लोग। संवाद
पानीपत। द रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के बैनर तले जिले के पटवारी तीन दिन की सांकेतिक हड़ताल का मंगलवार को दूसरा दिन रहा। जिले की पांचों तहसीलों में रजिस्ट्री का काम प्रभावित हुआ, इसके साथ इंतकाल, जमाबंदी के साथ प्रमाणपत्र बनाने का काम बाधित रहा।
दो दिन में करीब 3400 डोमोसाइल, करीब 1400 प्रमाणपत्र, आठ हजार जमाबंदी, 100 निशानदेही और करीब चार हजार इंतकाल नहीं हो पाए। यूनियन ने प्रदेशभर में निलंबित छह पटवारियों को बहाल करने और अन्य मांगों को पूरा करने की मांग दोहराई। एसोसिएशन ने चार पटवारियों को बहाल करने का दावा किया है। बाकी दो और पटवारियों के बहाल करने तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी है।
पटवारी और कानूनगो मंगलवार को सेक्टर-18 स्थित पटवार भवन में हड़ताल पर बैठे। यूनियन ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष जयबीर चहल और महसचिव सन्नी दहिया मंगलवार को पानीपत पहुंचे। उन्होंने कहा कि छह में चार पटवारियों को बहाल कर दिया गया है। दो पटवारियों के भी जल्द ही बहाल करने की उम्मीद है। एसोसिएशन सभी पटवारियों को बहाल करने तक संघर्ष जारी रखेगी।
सरकार बुधवार शाम तक इनको भी बहाल नहीं करती है तो वे हड़ताल आगे जारी रखने को मजबूर होंगे। जिला प्रधान प्रवीण रावल और महासचिव दिलावर वर्मा ने कहा कि सरकार ने पिछले दिनों प्रदेश के छह पटवारियों को निलंबित कर दिया। इन पर फसल खराब की गिरदावरी में एक की फोटो कई जगह प्रयेाग करने के आरोप लगाए हैं। सरकार ने जिम्मेदार अधिकारियों को बचा लिया और छह पटवारियों को निलंबित कर दिया। इस मौके पर उप प्रधान बिजेंद्र शर्मा, सदर कानूनगो अशोक कुमार, विकास रमन, कुलदीप हुड्डा और राकेश मलिक मौजूद रहे।
तहसील में रजिस्ट्री खिड़की पर खड़े लोग। संवाद