संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विभाग ने बाबरपुर और बजीदा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म ऊंचे करने का प्रस्ताव रेलवे मुख्यालय को भेजा है। प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ने से यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में काफी सहूलियत मिलेगी खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा, इससे पहले घरौंडा प्लेटफार्म को ऊंचा कर दिया गया है।
बाबरपुर और बजीदा स्टेशनों पर भी यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बाबरपुर स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग तीन ट्रेनों का ठहराव होता है और यहां रोजाना करीब 150 टिकट जारी होते हैं। वहीं करनाल के बजीदा स्टेशन पर आठ ट्रेनों का ठहराव होता है। यहां प्रतिदिन लगभग 100 टिकट जारी किए जाते हैं। प्रस्ताव के अनुसार प्लेटफार्म ऊंचे करने के साथ-साथ दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए रैंप भी बनाए जाएंगे, इससे व्हीलचेयर का उपयोग करने वाले यात्रियों और चलने-फिरने में असमर्थ लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
वर्तमान में कई बार प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच अधिक अंतर होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है जिसे प्लेटफार्म ऊंचे होने दूर किया जा सकेगा। प्लेटफार्म ऊंचे होने से यात्रियों की सुरक्षा भी बढ़ेगी। ट्रेन में चढ़ते या उतरते समय फिसलने या गिरने की घटनाओं में कमी आएगी, इसके अलावा स्टेशन का स्वरूप भी आधुनिक और व्यवस्थित दिखाई देगा जिससे यात्रियों का अनुभव बेहतर होगा।
एक अधिकारी ने बातचीत में बताया कि विभाग ने यात्रियों की संख्या, ट्रेनों के ठहराव और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद कार्य चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा।
- मुकेश बुरडे, वाणिज्य अधीक्षक