पानीपत। त्योहारों के सीजन में यात्रियों को ट्रेन में सीट नहीं मिलने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिहार व बंगाल जाने वालों यात्रियों की कई महीनों से आरक्षित टिकटों की बुकिंग भी वेटिंग में चल रही है। जिस कारण यात्रियों को ट्रेन में खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही है। त्योहारों के सीजन में बड़ी संख्या में यात्री बिहार और बंगाल के लिए रवाना हो रहे हैं। यात्रियों को समय पर ट्रेन में सीट नहीं मिलने से परेशानी हो रही है।
यात्री लोकेश, माधव और रामकुमार ने बताया कि वह कई दिनों से बिहार जाने के लिए टिकट बुक कराने के लिए चक्कर काट रहे है लेकिन किसी भी ट्रेन में सीट खाली नहीं होने से उन्हें आरक्षित टिकट नहीं दी जा रही है। यहां तक की तत्काल में भी किसी भी ट्रेन में सीट उपलब्ध नहीं हो पा रही है। जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से समस्या को दुरूस्त करने की बात कही। जिससे उन्हें यात्रा के दौरान कोई परेशानी न हो।
रेलवे स्टेशन अधीक्षक रमेश चंद्र ने बताया कि त्योहारों के सीजन में बड़ी संख्या में बिहार और बंगाल जाने के लिए ट्रेनों में सीटों को आरक्षित किया जा रहा है। जिस कारण ट्रेनों में यात्रियों को सीट मिलना मुश्किल हो गया है। तत्काल में भी यात्रियों को टिकट नहीं मिल पा रही है। यात्रियों की समस्या को देखते हुए स्थिति में जल्द ही सुधार किया जाएगा।