महिला पुलिस थाने में तैनात एक एएसआई पर बच्ची से छेड़छाड़ के आरोपी को केस से बाहर निकालने का आरोप लगा है। एएसआई के खिलाफ पीड़ित बच्ची के परिजन पुलिस अधीक्षक को शिकायत देने के लिए पहुंचे। पुलिस अधीक्षक व अन्य पुलिस अधिकारियों के छुट्टी पर होने के चलते परिजन मायूस होकर घर लौट गए।
मंगलवार को डाबर कॉलोनी निवासी दर्जनों लोग लघु सचिवालय में पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा से मिलने को लघु सचिवालय पहुंचे। परिजनों का महिला एएसआई गायत्री देवी पर आरोपियों के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। परिजनों ने बताया कि उनकी पांच साल की बेटी के साथ दस मार्च को कॉलोनी के ही दो लोगों ने छेड़छाड़ की थी।
उन्होंने इस बारे में महिला पुलिस थाने में भी शिकायत दर्ज करवाई थी। एक आरोपी की उम्र करीबन 14 साल है, जबकि दूसरे की उम्र आठ साल है। आरोप है कि महिला एएसआई गायत्री देवी ने आरोपियों से सांठ गांठ कर मामले के मुख्य आरोपी को केस से निकाल दिया, जबकि उसके छोटे भाई को आरोपी बना दिया गया। एएसआई गायत्री देवी उनके साथ दुर्व्यवहार कर रही है। उन पर समझौता करने का दबाव बना रही है। पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा व अन्य पुलिस अधिकारियों के छुट्टी पर होने के बाद पीड़ित परिजन घर लौट गए। वहीं महिला एएसआई गायत्री देवी ने सभी आरोपों को निराधार बताया है।
वह निष्पक्ष ढंग से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने मामले में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती है। उन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं।
गायत्री देवी, एएसआई महिला पुलिस थाना