गांव गढ़ी बेसक की ग्राम पंचायत ने प्रशासन से बार-बार गुहार लगाने के बाद गांव की गली का निर्माण नहीं हुआ तो ग्रामीणों ने चंदा एकत्रित कर गली का निर्माण करवा दिया। गांव गढ़ी बेसक में पिछले पांच वर्षों से गली खस्ताहालत में पड़ी हुई थी।
ग्रामीण साहदीन, शराफत, मेहरूबा, सबीर, आरिफ, बासीद व समेदीन ने बताया कि घरों के आगे गली नीची होने व गली में गड्ढे होने के कारण घरों का सारा गंदा पानी भर जाता था। गली निर्माण के लिए पंचायत ने चुनाव से पहले सरपंच से मांग की थी। उस दौरान ही सरपंच चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों ने गली निवासियों को आश्वासन दिया था कि अभी आचार संहिता लगी हुई है। कोई काम नहीं हो सकता। चुनाव होने बाद सरपंच से कई बार गली निर्माण की मांग की गई। लेकिन सरपंच व खंड प्रशासन एक ही बात कहते है कि ग्रांट आते ही गली का निर्माण कराया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि गली में गंदा पानी भरा खड़ा रहने से घरों में आना-जाना भी मुश्किल हो गया था। इस बारे में सरपंच सुनील कुमार का कहना है कि अभी पंचायत में ग्रांट आने लगी है। जल्द ही खस्ता हालत गलियों में निर्माण कराया जाएगा।