इस बार दिवाली पर मिठाइयों व खाद्य पदार्थों में मिलावट और नकली खाद्य सामग्री रोकने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधीश एवं उपायुक्त ने इसको लेकर शहर के 24 वार्डों को दो जोन में बांटकर विशेष अधिकारी नियुक्त कर दिए हैं। वहीं समालखा समेत बाकी कस्बों में अधिकारी नियुक्त किए हैं। पुलिस यूपी बार्डर पर कड़ी नजर रखेगी और इसको लेकर स्पेशल स्टाफ नियुक्त किया जाएगा। शहर समेत कस्बों में मिठाई की दुकानों पर खाद्य पदार्थों के सेम्पल लेने के कर दिए हैं। जिलाधीश ने मिलावटी व दूषित खाद्य पदार्थों को न बेचने की साफ हिदायत दी है।
लोगों ने हंसी खुशी के साथ दशहरा मना लिया है और अब दिवाली की तैयारी शुरू कर दी है। बाजारों में भी इसको लेकर हलचल शुरू हो गई है। ऐसे में मिठाई व दूसरी खाद्य सामग्री में मिलावट आने की संभावना रहती है। जिलाधीश डॉ. चंद्रशेखर खरे ने दिवाली के त्योहार के दृष्टिगत आदेश जारी कर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिला में कही भी मिलावटी, बासी या दूषित मिठाई बिकने नहीं दी जाएं। इसके लिए संबंधित अधिकारी यूपी बार्डर पर कड़ी नजर रखें व शहर और कस्बों के अंदर छापामारी कर सेंपलिंग के कार्य को तेजी से आगे बढ़ाएं और संदिग्ध मिठाई व्यापारियों व दुकानदारों और मावा व्यपारियों के चालान भी करें।
विशेष अधिकारियों को किया अधिकृत
जिला प्रशासन ने विभिन्न मिठाई की दुकानों में मिलावटी व बासी मिठाइयों के बेचने पर कड़ी नजर रखने के लिए विभिन्न अधिकारियों को अधिकृत किया है। नगर निगम आयुक्त वार्ड 1 से 12, एसडीएम पानीपत वार्ड 13 से 24, एसडीएम समालखा समालखा शहर, तहसीलदार इसराना कस्बा इसराना, तहसीलदार बापौली कस्बा बापौली और नायब तहसीलदार मतलौडा को मतलौडा कस्बा में निरीक्षण करेंगे। आदेशानुसार सिविल सर्जन पानीपत को उक्त अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एसपी पानीपत से हरियाणा यूपी बॉर्डर पर नकली खोया, पनीर, दूध व मिठाइयों में प्रयोग किए जाने वाले अन्य कच्चे नकली माल पर नकेल कसने के लिए भी स्पेशल स्टाफ नियुक्त करने को कहा गया है। आदेशानुसार सचिव आरटीए को भी अनाधिकृत रूप से चलाए जाने वाले वाहनों की धरपकड़ करने के आदेश दिए हैं।
त्योहारी सीजन में मिठाई और दूसरे खाद्य पदार्थों में मिलावट करने की आशंका बनी रहती है। इस बार शहर को दो जोन में बांटकर विशेष अधिकारी नियुक्त कर दिए हैं। वहीं कस्बों में भी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। संदिग्ध विक्रेताओं पर कार्रवाई करने के साथ दुकानों पर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जाएंगे।
डॉ. चंद्रशेखर खरे, उपायुक्त एवं जिलाधीश पानीपत।