हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ ने रोडवेज कर्मचारियों की मांगों को लेकर परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार के निवास का घेराव किया। इस दौरान पुलिस के साथ झड़प तक हो गई। यूनियन वित्तायुक्त के सचिव का आश्वासन मिलने के बाद देर शाम को आवास से हटे। इस दौरान परिवहन मंत्री अपने आवास पर नहीं मिले। यूनियन ने मांगों को जल्द ही लागू न करने पर परिवहन मंत्री के आवास का अनिश्चिकाल के लिए धरना देने की चेतावनी दी।
हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के बैनर तले प्रदेश भर के सैकड़ों रोड़वेज कर्मचारियों ने बुधवार को परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार के मतलौडा स्थित आवास का घेराव किया। जिसकी अध्यक्षता संघ के प्रदेशाध्यक्ष इंद्र सिंह बधाना ने की और मंच संचालन प्रदेश महासचिव सरबत सिंह पुनिया ने किया। राज्य प्रधान ने कहा कि प्रदर्शन व घेराव करना यूनियन का शौक नहीं है। परिवहन मंत्री से पहले भी कई बार कर्मचारियों की मांगों को लेकर वार्ता हो चुकी है व परिवहन मंत्री ने कई बार मांगों को पूरा करने का आश्वासन भी दिया। लेकिन परिवहन मंत्री वायदा खिलाफी कर रहे हैं । उन्होंने परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मंत्रीजी विभाग में नए-नए कर्मचारी विरोधी फरमान जारी कर रहे हैं ।
हाल ही में रोडवेज के तकनीकी कर्मचारियों का तकनीकी वेतनमान पर दिए जा रहे एसीपी स्केल को वापस करने का पत्र जारी करके मंत्री ने कर्मचारियों के साथ धोखा किया है । वहीं रोडवेज में 2003 के बाद भर्ती चालक परिचालकों को रेगुलर करने के बाद जो उनका एरिया बनता है, वह लगभग 320 करोड़ रुपये के आसपास है। सरकार कर्मचारियों को देने की बजाय अपने आप हजम करना चाहती है। विभाग में लगभग 8200 पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार नए कर्मचारियों की भर्ती नहीं कर रही। ब्लॉक 2012-15 की एलटीसी अब तक बहुत से कर्मचारियों को नहीं मिली।
दिनभर मतलौडा मंडी में चले धरने के बाद सायं लगभग तीन बजे यूनियन कर्मचारी मंत्री पंवार के आवास का घेराव करने के लिए चले। पुलिस ने उन्हें कॉलोनी के मुख्य गेट पर ही अंदर जाने से रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस प्रशासन व रोडवेज कर्मचारियों के बीच झड़प भी हुई। झड़प के बाद रोडवेज कर्मचारी परिवहन मंत्री के आवास के सामने धरने पर बैठ गए और ठोस आश्वासन की बात पर अड़े रहे। मामले को बढ़ता देख पानीपत एसडीएम विवेक चौधरी व मतलौड़ा नायब तहसीलदार जय सिंह मौके पर पहुंचे व कर्मचारियों से बात कर शांत करने की कोशिश की।
सायं लगभग चार बजे परिवहन विभाग के फाइनेंस सचिव आरएस ढिले ने यूनियन नेता इंद्र सिंह बधाना से फोन पर बात करते हुए कर्मचारियों को उनकी जायज मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया और तीन जनवरी को चंडीगढ़ सचिवालय में परिवहन मंत्री के साथ मीटिंग के लिए बुलाया। यूनियन ने फोन पर बैठक को लेकर आश्वासन मिलने पर धरना समाप्त किया। यूनियन ने चेताया कि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो वे 15 फरवरी से रोडवेज कर्मचारी दोबारा मतलौडा में परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार के आवास के सामने अनिश्चितकालीन धरना देंगे। इस अवसर पर रोडवेज यूनियन के प्रदेश उप प्रधान नरेंद्र दिनौद, मुख्य संगठन सचिव धर्मबीर हुड्डा, राजकुमार दलाल, ओमबीर शमा, पवन, सतबीर सिंह, सुमेर सिवाच, पूर्व प्रधान जय प्रकाश बैनीवाल व कैशियर राजपाल मौजूद रहे ।