हुडा की सड़कें चकाचक होंगी। इसके लिए हुडा अधिकारियों ने एक करोड़ 86 लाख का एस्टीमेट तैयार किया है। हुडा सेक्टर 6 और 18 की इंटरनल सड़कों पर 80 एमएम के इंटर लांकिग टाइलों से सड़क का निर्माण होगा। कई माह से सेक्टरवासी सड़कों के निर्माण की मांग कर रहे हैं। हुडा जल्द ही एस्टीमेट को उच्च अधिकारियों के पास भेज देगा।
हुडा अधिकारी सेक्टरों के विकास के लिए एक-एक कर एस्टीमेट तैयार कर रहे हैं। इस बार सेक्टर 6 और 18 की सड़कों के निर्माण का फैसला लिया है। बजरी वाली सड़कें टिक नहीं पाती थीं। इसलिए इस बार इंटर लॉकिंग टाइलों से सड़क बनाने का फैसला लिया है। बता दें कि हुडा के सेक्टर 18 और 6 की लगभग सारी सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं।
वाहनों के दबाव के कारण इनकी हालत और भी खस्ता होती जा रही है। वाहन चालक टोल टैक्स बचाने के चक्कर में सेक्टर 18 और 6 की सड़कों से गुजरते हैं। पानीपत आने वाले वाहन चालक टेेेल टैक्स के पास सेक्टर-18 के कट से अंदर जाकर पानीपत आते हैं। पानीपत से करनाल की ओर जाने के लिए सेक्टर-6 की सड़क से गुजरते हैं।
इसलिए हुडा ने उठाया कदम
सड़कों की खस्ता हालत और सड़क निर्माण की बार-बार मांग के कारण अधिकारियों ने इनका एस्टीमेट तैयार किया है। इन सेक्टरों की सड़कों पर एक करोड़ 86 लाख की लागत आएगी। यह प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है। सेक्टर वासियों का कहना है कि सेक्टरों से भारी वाहनों के गुजरने के कारण यहां की सड़के अधिक टूटती हैं।
उन्होंने कहा कि यहां से भारी वाहनों की आवाजाही कम की जाए। इसके बाद हुडा ने सेक्टर-18 में जाने वाली सड़क पर बैरियर लगा दिया था। इससे इस सड़क पर अधिक भारी वाहनों का आना-जाना कम हो गया है। लेकिन, टोल बचाने के लिए अब भी कार, जीप, टाटा मैजिक आदि सवारी वाहन सेक्टरों से होकर ही गुजर रहे हैं।
बनी रहती है हादसों की आशंका
सेक्टरों में वाहनों की आवाजाही से हादसों की आशंका बनी रहती है। इस संबंध में सेक्टरवासी कई बार हुडा को पत्र लिख चुके हैं। हर बार उन्हें केवल आश्वासन थमा दिया जाता है।
सेक्टर 6 और 18 की इंटरनल सड़कों पर इंटर लॉकिंग टाइल बिछाने के लिए एक एस्टीमेट तैयार किया गया है। सड़कों के निर्माण के लिए 80 एमएम के टाइल प्रयोग किए जाएंगे। यह अधिक सालों तक चलते हैं। एस्टीमेट को जल्द ही उच्च अधिकारियों के पास भेजा जाएगा।
सुभाष गुप्ता, एसडीई, हुडा पानीपत।