जिला लोकसंपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में नगर निगम वार्ड-तीन से भाजपा पार्षद हरीश शर्मा ने फरियाद लगाई। उनकी इस शिकायत का समाधान कर दिया गया, लेकिन पार्षद ने इससे दूसरी शिकायत होना कहा। सीपीएस ने उनको ओपन हाउस में शिकायत देने के लिए कहा।
वार्ड-पांच पार्षद जयकुवार बिंदल ने भी अपनी शिकायत लगाई। सीपीएस ने 14 में से नौ शिकायत का समाधान कर दिया। उन्होंने शेष पांच शिकायतों के समाधान के लिए अधिकारियों को आदेश दिए। कई फरियादियों ने अधिकारियों पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाए।
लघु सचिवालय में बुधवार को जिला लोकसंपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता मुख्य संसदीय सचिव बख्शीश सिंह विर्क ने और संचालन उपायुक्त डॉ. चंद्रशेखर खरे ने किया।
महादेेव कॉलोनी निवासी ललिता की पहली शिकायत रही।
उन्होंने कहा कि उनकी नाबालिग लड़की का 27 जनवरी 2016 को अपहरण कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने आज तक आरोपी को नहीं पकड़ा है। विर्क ने पुलिस अधिकारियों को इस मामले की जांच तेज करें। यह शिकायत अगली बैठक के लिए लंबित रख ली गई।
गांव काबड़ी निवासी रमेश कुमार ने शिकायत में कहा कि उसके मकान के पास गांव के कुछ दबंग लोगों ने गली में अतिक्रमण कर बाथरूम और बरामदा बना लिया है। इस पर सीपीएस ने एसडीएम पानीपत को जांच के आदेश दिए। साथ ही शिकायत को अगली बैठक के लिए लंबित रख लिया।
गांव भंडारी निवासी दलीप सिंह की शिकायत पुलिस से संबंधित रही। पुलिस ने इसका समाधान करने की बात कही। जाटल रोड निवासी कृष्णलाल ने पीने के पानी के लिए एक सबमर्सिबल पंप लगवाने की मांग की। सीपीएस ने संबंधित विधायक से सिफारिश कराकर प्रार्थना पत्र जिला प्रशासन को देने के लिए कहा।
पांचवीं शिकायत पार्षद जयकुवार बिंदल की रही। उन्होंने कहा कि हरिसिंह चौक पर तिलक राज शर्मा डिपो वाली गली से फैक्ट्री में अवैध रूप से मोबाइल टावर लगा हुआ है। अधिकारियों ने इसका मौके पर ही समाधान कर दिया। छह नंबर शिकायत नांगल खेड़ी निवासी शुभम की रही।
उसने कहा कि उनकी गली का निर्माण बीच में ही छोड़ दिया है। इस पर अध्यक्ष ने इस गली के निर्माण के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए। सातवीं शिकायत नांगल खेड़ी निवासी प्रेमो देवी की रही। अध्यक्ष ने निशानदेही कराने के आदेश जिला प्रशासन को दिए।
आठवीं शिकायत गांव कवी के अमरदीप की रही। शिकायतकर्ता ने कहा कि उनके गांव में 177 प्लॉट महात्मा गांधी बस्ती योजना के तहत लोगों को दिए जाने थे। लंबा समय बीतने के बाद भी लोगों को इनका कब्जा नहीं मिला है। इस पर अध्यक्ष ने संबंधित बीडीपीओ को फसल कटते ही प्लाटों के कब्जे दिलवाने के आदेश दिए।
नौवीं शिकायत गांव छाजपुर खुर्द के सुंदरलाल की रही। उनका मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के चलते कोई कार्रवाई नहीं की गई। दसवीं शिकायत मीनू अग्निहोत्री ने ध्वनि प्रदूषण के संबंध में रही। कहा कि उन्होंने पिछली बैठकों में भी शिकायत की थी। अधिकारी जांच को जाते हैं तो फैक्ट्री बंद कर दी जाती है।
उनके जाते ही फैक्ट्री फिर शुरू हो जाती है। इस पर समिति के सदस्य रविंद्र भाटिया को मौका मुआयना कर अगली बैठक में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। शिकायत को अगली बैठक के लिए लंबित रख लिया। पार्षद हरीश शर्मा की शिकायत 11वीं रही। उनकी शिकायत वार्ड में सीवरेज से संबंधित थी।
वे अपनी गली से संबंधित शिकायत रखने लगे। डीसी ने सीएम विंडो में लगाई शिकायत पर चर्चा करने की बात कही। पार्षद ने कहा कि सीएम विंडो में सीवरेज से संबंधित शिकायत का समाधान हो गया है। उसकी गली से संबंधित शिकायत है। डीसी ने इस शिकायत को ओपन हाउस में रखने के लिए कहा।
12वीं शिकायत तेजपाल निवासी जलालपुर-प्रथम निवासी और 13वीं शिकायत दीपक निवासी पसीना कलां की रही। दोनों शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। बैठक की 14वीं शिकायत संजय कुमार की रही। शिकायतकर्ता ने कहा कि आईओसी रिफाइनरी ने उनके खेत के बीच से ड्रेन खुदवाई थी।
ड्रेन कच्ची होने के कारण केमिकल युक्त पानी से उनके खेतों की उर्वरक शक्ति समाप्त हो रही है। इसलिए इस ड्रेन को पक्का कराया जाए। सिंचाई विभाग के एसडीओ ने अपनी रिपोर्ट रखी। अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों से विचार-विमर्श कर ड्रेन को पक्का कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद अध्यक्ष ने सैकड़ों शिकायतकर्ताओं के प्रार्थना पत्रों के उचित समाधान के लिए मौके पर ही अधिकारियों को सौंप दिया। ओपन हाउस में कई फरियादियों ने पुलिस और विभागीय अधिकारियों पर शिकायतों का समाधान न करने का आरोप लगाया।