स्वास्थ्य विभाग में जन्म प्रमाणपत्र न बनने पर एक युवक ने कंप्यूटर ऑपरेटर की लात-घूसों और डंडों से जमकर धुनाई कर दी। युवक ने एक डिप्टी सीएमओ की सिफारिश लेकर जन्म प्रमाणपत्र का आवेदन किया था।
आरोपी युवक मौके से फरार हो गया और मारपीट में घायल ऑपरेटर को अस्पताल में दाखिल कराया। ब्रांच के बाकी कर्मियों ने भी विरोध स्वरूप काम का बहिष्कार कर दिया और सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने घायल ऑपरेटर के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामला सिविल अस्पताल स्थित स्वास्थ्य विभाग की जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र शाखा में बुधवार दोपहर का है। उग्रा खेड़ी निवासी विजय शाखा में जन्म प्रमाणपत्र लेने आया था।
उसने कंप्यूटर ऑपरेटर संजय निवासी तहसील कैंप से जन्म प्रमाणपत्र मांगा। कंप्यूटर ऑपरेटर का कहना था कि फाइल पर एक अधिकारी के हस्ताक्षर होने बाकी हैं, इसके बाद उसका जन्म प्रमाणपत्र दे दिया जाएगा।
उक्त युवक का आरोप था कि यहां के कर्मी जन्म व मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने में मनमर्जी बरतते हैं। उसको प्रमाणपत्र देने के लिए बुधवार का समय दिया था और यह जिम्मेदारी शाखा कर्मियों व स्वास्थ्य अधिकारियों की बनती है।
इसे लेकर युवक व कंप्यूटर ऑपरेटर में कहासुनी हो गई। कंप्यूटर ऑपरेटर अपने कार्यालय से बाहर निकलकर सिफारिश करने वाले डिप्टी सीएमओ के पास जाने लगा। उसके बाहर निकलते ही दोनों में विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि उक्त युवक ने कंप्यूटर ऑपरेटर पर लात-घूसे बरसाने शुरू कर दिए। आसपास के लोगों ने उनको छुड़वाया।
इसके बाद युवक मौके से फरार हो गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने कंप्यूटर ऑपरेटर को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया, जहां पर पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए और उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
कर्मियों ने कर दिया बहिष्कार, लोग रहे परेशान
कंप्यूटर ऑपरेटर संजय के साथ मारपीट करने के विरोध में शाखा के बाकी कर्मियों ने भी बहिष्कार कर दिया। कर्मचारी हरिराम, रामफल, रविकांत, इंतजार अहमद और भावना ने शाखा पर ताला लगा दिया। उन्होंने कहा कि यहां पर लगातार दिक्कतें बढ़ रही हैं। अब लोगों ने कर्मियों के साथ मारपीट करनी भी शुरू कर दी है। उन्होंने यहां पर सुरक्षाकर्मी तैनात करने की मांग की।