खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली विभाग के केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीतियों के चलते ही आज पाकिस्तान विश्व पटल पर अलग-थलग पड़ा है।
उन्होंने ये बात मंगलवार को जीटी रोड टोल प्लाजा पर पत्रकारों के साथ बातचीत में कही। पासवान करनाल से दिल्ली जाते वक्त यहां ठहरे थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का जोरदार स्वागत किया। रामविलास पासवान ने कहा कि कुछ लोग प्रधानमंत्री के विदेशी दौरों की निंदा करते थे, लेकिन वे ही लोग आज इन नीतियों को मान गए हैं।
उड़ी में आतंकवादियों के हमले की पूरा विश्व निंदा कर रहा है और पाकिस्तान को इसका सूत्रधार बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीडीएस सिस्टम को बेहतर बनाया जा रहा है। तमिलनाडू व केरल को छोड़कर सभी प्रदेशों में ऑनलाइन सिस्टम कर दिया है। अब कार्डधारकों को हक कोई दूसरा व्यक्ति नहीं खा पाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में इसके सुखद परिणाम जल्द ही देखने को मिलेंगे।