नवंबर के जाते-जाते धुंध घनी होने लगी और माह के आखिरी दिन सुबह के वक्त धुंध के चलते दृश्यता 10 मीटर तक आ गई। इसके साथ ही तापमान भी करीब तीन डिग्री तक गिर गया। सुबह के वक्त धुंध के चलते वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंगलवार रात को गिरी धुंध बुधवार सुबह और घनी हो गई। सुबह पांच बजे घरों के बाहर गली व सड़कों पर कुछ दिखाई नहीं दिया। जीटी रोड व दूसरे बड़े मार्गों पर दृश्यता दस मीटर तक रही। जिसके चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रात: नौ बजे तक वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। करीब दस बजे धुंध छटने लगी।
घनी धुंध का असर तापमान पर पड़ा। बुधवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक आ गया और शाम के वक्त तापमान गिरता-गिरता 24 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। तापमान गिरने से लोगों के जन-जीवन पर भी खासा असर देखा गया। खासकर छोटे बच्चे व बुजुर्ग गर्म कपड़ों में दिनभर लिपटे रहे। मौसम विशेषज्ञों की माने तो आने वाले समय में धुंध और भी घनी हो सकती है।