शहर में बुलेट बाइक से पटाखे छोड़ने वालों पर पुलिस सख्त हो गई है। ट्रैफिक पुलिस ने 50 बुलेट बाइकों के चालान किए। पटाखे छोड़ने के आरोप में सभी बुलेट बाइक चालकों पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना अदा करने के बाद ही बाइक सवारों को जाने दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पटाखे छोड़कर दूसरों को परेशान करने वालों के खिलाफ चलाया गया अभियान जारी रहेगा।
शहर में बुलेट बाइक से पटाखे छोड़कर अन्य लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाया हुआ है। वीरवार को ट्रैफिक एएसआई लाल सिंह अपनी टीम के साथ बलजीत नगर नाका चौकी के पास खड़े हो गए। उन्होंने बुलेट बाइक से पटाखे छोड़ते हुए आने-जाने वाले चालकों के चालान काटे। सभी वाहन चालकों पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना किया गया। जुर्माना वसूलने के बाद सभी बाइक सवारों को भविष्य में ऐसा न करने की नसीहत भी दी गई। एएसआई लाल सिंह ने बताया कि बुलेट बाइकों से पटाखे छोड़ने से अन्य वाहन चालक परेशान होते हैं। इसके साथ ही साइलेंसर की तेज आवाज हृदय रोगियों के लिए हानिकारक हो सकती है। वीरवार को बलजीत नगर नाके के पास करीब 50 बुलेट बाइकों के चालान किए गए।