फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

परी का डीएनए आज, कविता का इंतजार

Mon, 28 Sep 2015 12:47 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला पानीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
परी और तीन कविता के डीएनए से पहले एक कविता अंडरग्राउंड हो गई है। डीएनए होने से एक रात पहले कविता के अंडरग्राउंड होने से प्रशासन और पुलिस की सांसें फूल गईं।
विज्ञापन


पुलिस टीम ने कविता नाम की महिला की तलाश शुरू कर दी है। देर रात तक उसका पता नहीं लग सका था। वहीं, सामने आया है कि बच्चा बदलने का आरोप लगाने वाली रामनगर की कविता अब हाईकोर्ट के माध्यम डीएनए कराने का मन बना चुकी है। पुलिस अधिकारियों ने भी कविता के अंडरग्राउंड होने को चिंताजनक बताया है।

पुलिस परी और तीनों कविता का डीएनए कराने के लिए रविवार को तीनों कविता के घर पहुंची और उनको डीएनए के बारे में फिर से अवगत कराया। पुलिस को रामनगर की कविता घर पर नहीं मिली। पुलिस अधिकारियों ने उसके नहीं मिलने पर उसकी सास से बात की।
विज्ञापन


उसकी सास ने पुलिस को बताया कि इस मामले में हाईकोर्ट में अपील दायर की है और वे वकील के बुलावे पर चंडीगढ़ गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को बताया कि सोमवार को चंडीगढ़ में बच्ची और तीनों कविता का डीएनए होना है और इसमें उनका हाजिर होना जरूरी है। अधिकारियों ने परिजनों का मन टटोलने के लिए खुफिया तंत्र को जुटा दिया है।

प्रशासन और पुलिस ने परी और तीनों कविता का डीएनए कराने की तैयारियां पूरी कर ली हैं और सोमवार सुबह नौ बजे चारों को थाना शहर से डीएनए के लिए चंडीगढ़ ले जाया जाएगा।

इसमें ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार हरिओम अत्री को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा डीएसपी शहर दलबीर सिंह और स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सीएमओ और एक महिला डॉक्टर उनके साथ जाएगी।

सिविल अस्पताल की नर्सरी में परी को पूरा दुलार मिल रहा है और रविवार को भी उसको दुलारा। स्टाफ नर्स ने भी उसको अपनों की गोद मिलने की प्रार्थना की। वहीं, परी से मिलने के लिए बाहरी लोगों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा था।

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने सरकार के पास मामला जाने के बाद सक्रियता दिखाई थी और 10 सितंबर को लघु सचिवालय पानीपत में बैठक हुई थी। डीसी समीर पाल सरो की अध्यक्षता एसपी राहुल शर्मा और सीएमओ डॉ. इंद्रजीत धनखड़ पहुंचे थे।

यहां पर रामनगर पानीपत निवासी कविता पत्नी अमित, नैन गांव निवासी कविता पत्नी प्रदीप और करनाल के ऊंचा समाना निवासी कविता पत्नी कमल को भी बुलाया था। यहां पर तीनों से बारी-बारी बात की थी और बच्ची के बारे में जाना था।

तीनों कविता और उसके परिजनों ने बच्ची को अपनाने से इनकार कर दिया। प्रशासन ने यहां पर सबकी सहमति ने तीनों कविता और अस्पताल में पल रही बच्ची का डीएनए कराने का फैसला लिया।

विदित हो कि सिविल अस्पताल पानीपत में 17 जून को जन्मी बच्ची को लेकर पहले दिन से आरोप प्रत्यारोप चल रहे हैं। रामनगर निवासी कविता 18 जून को खुलकर सामने आ गई थी। उसने डॉक्टर और स्टाफ नर्स पर बच्चा बदलने का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया।

उसका आरोप है कि डिलीवरी के दौरान उसको लड़की पैदा होने की बताई लेकिन उसको दूध पिलाने को लड़का दिया गया। उसने आरोप लगाया कि अस्पताल में उसका बच्चा बदला गया है। उसने बच्ची और उसका डीएनए कराने की मांग की थी।

पुलिस ने बच्ची और तीनों महिलाओं का डीएनए टेस्ट करानी की तैयारियां पूरी कर ली हैं और तीनों परिवारों को अवगत भी करा दिया गया है। रामनगर निवासी कविता पर कुछ शक है और वे घर पर भी नहीं हैं। पुलिस सोमवार सुबह ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में चंडीगढ़ जाएंगे। अबकी बार साथ न देने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

दलबीर सिंह, डीएसपी शहर पानीपत।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें