एक व्यक्ति खुद को सीआईए कर्मी बताकर एक बेबस मां के साथ दुराचार करता रहा और बेटी संग भी दुराचार का प्रयास किया। मां जेल में बंद अपने बेटे को छुड़ाने के लिए उसका शिकार होती रही। महिला ने अपनी बेटी पर हाथ डालने पर एसपी को शिकायत दी तो पूरा मामला खुल गया और महिला थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पुलिस का मूखबिर बताया गया है। महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
डीएसपी विद्यावती ने शुक्रवार शाम को पूरे मामले का पर्दाफाश किया और आरोपी को बेनकाब किया। डीएसपी विद्यावती ने बताया कि गांव सिवाह निवासी एक युवक को सीआईए ने किसी मामले को लेकर हिरासत में लिया था। उक्त युवक ने एक पर्ची पर घर का फोन नंबर लिखकर बाहर फेंक दिया। वह अपनी बात को अपनी मां तक पहुंचाना चाहता था। यह पर्ची आरोपी युवक के हाथ लग गई। आरोपी पर्ची पर लिखे नंबर पर फोन किया और उसने महिला को खुद को सीआईए का अधिकारी बताते हुए उसके बेटे की जेल में होने की बात बताई। उसने महिला से उसके घर का पता पूछा और सोमवार की रात उसके घर जा पहुंचा। जहां उसने महिला को उसके बेटे को छुड़ाने की बात कही।
आरोपी ने महिला के घर पर शराब पी और शराब के नशे में धुत होकर रात भर उसकी इज्जत के साथ खेलता रहा। आरोप है कि युवक ने महिला की नाबालिग बेटी के साथ भी दुराचार का प्रयास किया। उसकी मां ने उसको बचा लिया। महिला पूरे मामले को लेकर एसपी राहुल शर्मा से मिली और सारी घटना बताई और आरोपी युवक का फोन नंबर भी दिया। एसपी ने महिला को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी सीआईए कर्मी नहीं बल्कि नकली पुलिस वाला है। पुलिस फोन नंबर के आधार पर आरोपी तक जा पहुंची और उसको तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश करेगी। डीएसपी विद्यावती ने बताया कि आरोपी पर चोरी समेत अन्य मामलों में आठ मुकदमें पहले से ही दर्ज हैं।