थाना शहर के सामने ही चाय के दुकानदार को खुद को पुलिसवाला बताकर दो लोगों ने एक लाख नगदी, मोबाइल व मोटरसाइकिल लूट ली। दोनों ने खुद को पुलिसवाला बताया था और थाना सदर में ले जाने की धमकी दी। उसको आर्य कॉलेज के नजदीक मारापीटा। बतरा कॉलोनी निवासी राजेश कुमार ने बस स्टैंड चौकी पुलिस को शिकायत दी है। उसने बताया कि उसकी बाबरपुर मंडी में चाय की दुकान है।
वह सोमवार देर रात को दुकान से मोटरसाइकिल पर अपने घर वापस जा रहा था। थाना सदर के सामने कट पर टर्न करते वक्त उसकी बाइक फिसल गई। वह बाइक उठा रहा था। इसी समय दो व्यक्ति आए और दोनों ने खुद को पुलिसवाला बताया और थाने चलने की धमकी दी। वह उनकी धमकी से घबरा गया। उसने आरोप लगाया कि उन्होंने उसकी एक भी सुनवाई नहीं की और उसको मोटरसाइकिल के बीच में बैठाकर ले गए। थाना सदर निकलते ही उसने उनको थाने में चलने को कहा। उसने आरोप लगाया कि मोटरसाइकिल पर उसके पीछे बैठे व्यक्ति ने उसको पीटना शुरू कर दिया।
दोनों उसको आर्य कॉलेज के नजदीक ले गए और वहां पर उससे 10,2150 रुपये, मोबाइल व मोटरसाइकिल छिनकर फरार हो गए। उसने बताया कि यह पेमेंट फैक्ट्रियों के ठेकेदारों द्वारा श्रमिकों को देेने के नाम की दी गई थी। उसने आरोप लगाया कि पुलिस उसकी शिकायत लेकर जांच नहीं कर रही। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचें तो सारा मामला स्पष्ट हो सकता है। निगम के वार्ड-22 पार्षद प्रवेश नैन भी उनके साथ बस अड्डा चौकी में पहुंचे। थाना शहर प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस को इस तरह की शिकायत मिली है और इसकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर देगी।