इंडियन वुमेन ओलंपिक एसोसिएशन की राष्ट्र स्तरीय बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। एसोसिएशन की गतिविधियों को राष्ट्र स्तर पर लागू करने का फैसला भी लिया गया। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण फैसला महिला खेल नि:शुल्क करवाने का रहा। इंडिया वुमेन ओलंपिक एसोसिएशन की राष्ट्रीय स्तरीय बैठक रविवार को जीटी रोड स्थित एक होटल में हुई।
इसमें निर्णय लिया गया कि महिलाओं के सभी तरह के खेलों को संघ अपने खर्च पर करवाएगा। इंदिरा गांधी टेक्नोलॉजिकल एंड मेडिकल साइंस यूनिवर्सिटी में खेल विभाग के कोऑर्डिनेटर एडवाइजर और संघ के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर संदीप भल्ला ने कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य देश में लड़कियों को खेलों में आगे लाना है।
इंडियन वुमैन ओलंपिक एसोसिएशन का गठन इसी उद्देश्य से हुआ है। उन्होंने बताया कि संघ राष्ट्रीय स्तर पर नि:शुल्क महिला खेल करवाएगा। बैठक की अध्यक्षता संघ के चेयरमैन नरेश मलिक ने की। संघ के संरक्षक संजय सिंगला और तिलक सभरवाल मुख्य वक्ता रहे। मंच का संचालन संघ के राष्ट्रीय सह सचिव मधु शुक्ला ने किया।
इसी शृंखला में दस दिसंबर तक सभी राज्य अपने-अपने क्षेत्र में एथलेटिक्स, योग, ताइक्वांडो, बैडमिंटन और कबड्डी खेलों की लड़कियों की नि:शुल्क प्रतियोगिता करवाएंगे। इसके बाद 23 से 25 दिसंबर तक राष्ट्रीय महिला ओलंपिक खेलों में नि:शुल्क प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।
चेयरमैन नरेश मलिक ने कहा कि प्रतियोगिताओं से बेटियों को खेलों में आगे आने का मौका मिलेगा। संजय सिंगला और तिलक सभरवाल ने विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को नियुक्ति पत्र देकर सम्मानित किया। संघ के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. संदीप भल्ला ने अधिकारियों से अपील कि वे खेलों में लड़कियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास करें।
इस अवसर पर हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, चंडीगढ़, अरुणाचल प्रदेश, वेस्ट बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलगांना और तमिलनाडु के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।