दिल्ली पैरलल नहर से निकलने वाले थर्मल रजवाहे में हाईटेंशन बिजली की तार टूटकर गिरने से पानी में आए करेंट की चपेट में आकर पानी पी रही सात दुधारू भैंस और एक कटड़ी की मौत हो गई।
वहीं, पास ही नहा रहे करीब 15-20 बच्चे बाल-बाल बच गए। एकाएक कई पशुआें की मौत से घटनास्थल पर हाहाकार मच गया।
बिजली निगम के मौके पर पहुंचने में देरी पर आसपास के लोगाें ने पानीपत-असंध रोड पर जाम लगा दिया। हालांकि, बाद में पहुंचे अधिकारियाें ने लोगों को शांत कर जाम को खुलवाया।
रविवार सुबह करीब नौ बजे थर्मल रजवाहे के ऊपर से गुजर रही 11 हजार केवी की दो तार टूटकर नीचे पानी में गिर गई। हादसे के समय डेयरी संचालक कृष्ण मलिक निवासी ज्योति नगर अपनी सात भैंसाें व एक कटड़ी को पानी पिलाने लाया था।
जैसे ही पशु रजवाहे में घुसे करेंट का झटका लगने से सारे पशु तड़पने लगे। उनकी हालत देखकर आसपास के लोगाें ने बांस की मदद से ताराें को बाहर खींच लिया। बाद में सभी पशुआें को बाहर निकाला गया मगर तब तक वे दम तोड़ चुके थे।
बिजली कर्मचारियाें के नहीं पहुंचने पर गुस्साए लोगों ने पानीपत-असंध रोड के बीच में कार खड़ी कर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस कर्मियों के कहने पर जाम खोल दिया। मौके पर बिजली कर्मचारी व पशु चिकित्सक भी पहुंच गे। मृत पशुओं का पोस्टमार्टम करवा कर उन्हें दफना दिया गया।
रजवाहे में नहा रहे थे 15 से 20 बच्चे
हादसे के समय 15 से 20 बच्चे रजवाहे में नहा रहे थे। तार गिरने से उन्हें पानी में हलका सा करेंट महसूस होने लगा। डर के मारे एक-एक कर आनन-फानन में नहर से बाहर निकल आए।
इतना ही नहीं, उन्होंने रजवाहे के किनारे खडे़ होकर नहाने का इंतजार कर रहे अन्य बच्चाें को भी करेंट की बाबत बताकर पानी के अंदर जाने से रोक दिया। कच्चा कैंप निवासी अकिंत, टोनी, निखिल और विशु आदि ने बताया कि जब उन्हें हल्का सा करेंट लगा तो वे पानी से बाहर आ गए।
एक युवक को भी करेंट का झटका लगने से चक्कर आए गए। आसपास के लोगाें ने उसे सहारा देकर जैसे-तैसे बाहर निकला। मौके पर मौजूद लोगाें का कहना था कि अगर बच्चाें के बाहर निकलने में जरा सी भी देरी हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
दूध बेचकर चला रहा था परिवार
कृष्ण मलिक ने बताया कि वह सींक गांव का रहने वाला है। यहां पर डेयरी चलाकर अपना और परिवार का पेट पाल रहा था। अब उसके सामने रोजी रोटी का सवाल खड़ा हो गया है। अब वह अपने परिवार का पालन पोषण कैसे करेगा
सीएम ने मुआवजे के लिए दिए निर्देश
पानीपत। रजवाहे में भैंसों के करेंट लगने से हुई मौत पर त्वरित संज्ञान लेते मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने संबंधित बिजली कंपनी से भैंसों के मालिक को मुआवजा दिलवाने के आदेश भी दिए हैं। आदेश जिला प्रशासन के मार्फत विभाग को भेजे गए हैं।