हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में जिले के होनहार चमक गए। दसवीं कक्षा में जिले का पास प्रतिशत 49.15 प्रतिशत रहा। अधिकारियों के अनुसार दसवीं कक्षा में 15,480 में से 7609 परीक्षार्थी पास हुए। इनमें से 779 को कंपार्टमेंट और बाकी 7092 अनक्वालीफाई रहे। दसवीं कक्षा का जिले में पास प्रतिशत 12वीं की अपेक्षाकृत करीब बीस प्रतिशत कम रहा।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के परीक्षा परिणाम जारी करते ही परीक्षार्थी नेट पर लग गए। कुछ ही देर में परीक्षा परिणाम सामने आ गया। इसके साथ ही परीक्षार्थियों के चेहरे खिल उठे। परीक्षा में अच्छे अंक पाने वाले परीक्षार्थियों को स्कूल प्रबंधन ने शुभकामनाएं दीं। जिले में उत्कृष्ट रहने वालों को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया।
सीए बनना चाहता है योगेश
विक्टर पब्लिक स्कूल की दसवीं कक्षा में उत्कृष्ट योगेश सोनी ने 413 अंक प्राप्त किए हैं। योगेश सोनी ने बताया कि उसका सपना सीए बनना है। वह इसको लेकर आगे मेहनत करेगा।
आईपीएस बनना चाहती है नेहा
विक्टर पब्लिक स्कूल में 481 अंक लेकर दसवीं पास करने वाली नेहा वधवा आईपीएस बनना चाहती है। बताया कि उसने दसवीं कक्षा में मेहनत की है। 12वीं में भी उत्कृष्ट आना चाहेगी।
मोहित का सपना डॉक्टर बनना
नेशनल सीसे स्कूल कृष्णपुरा में छह सौ में से 582 अंक प्राप्त करने वाला मोहित गोयल डॉक्टर बनना चाहता है। उसने बताया कि उसकी दादी बीमारी हो गई थीं। वे डॉक्टर के लिए परेशान रहे। अब डॉक्टर बनकर जरूरतमंदों का इलाज करेगा।
आईपीएस बनना चाहती प्रतिभा
सदानंद बाल विद्या मंदिर की प्रतिभा शर्मा आईपीएस बनना चाहती हैं। उन्होंने दसवीं कक्षा में 489 अंक प्राप्त किए हैं। प्रतिभा शर्मा ने बताया कि आईपीएस बनकर महिला सुरक्षा को मजबूती देगी।
विकास का सपना फाइटर पायलट बनना
नवयुग पब्लिक स्कूल जाटल रोड में दसवीं कक्षा 482 अंकों के साथ पास करने वाले विकास कुमार का सपना फाइटर पायलट बनना है। वे मूलरूप से बिहार के रहने वाले हैं। अब मुखीजा कॉलोनी जाटल रोड पर रहते हैं। उनके पिता बैजनाथ मजदूरी करते हैं, जबकि मां सपना देवी गृहणी हैं।
विक्टर पब्लिक स्कूल तहसील कैंप की दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा। प्रिंसिपल श्रेष्ठा गांधी और प्रबंधक विक्रम गांधी ने उत्कृष्ट परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं दी। बताया कि स्कूल के 30 विद्यार्थियों ने मेरिट में स्थान पाया है। नेहा पवधवा ने 481 अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम और निकता और प्रेरणा ने क्रमश: 475 व 471 अंक लेकर द्वितीय और तृतीय स्थान पाया। कार्तिक ने 471 अंक प्राप्त किए।
नेशनल सीसे स्कूल कृष्णपुरा की दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा। प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद शर्मा ने बताया कि स्कूल के 58 बच्चों ने दसवीं क्षा में मेरिट प्राप्त की है और 19 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। मोहित गोयल ने 582 अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान पाया है। वहीं गरिमा पांडेय ने 575, शलू ने 92 प्रतिशत व संजीव ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
कृष्णपुरा स्थित सदानंद बाल विद्या मंदिर की दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा। स्कूल प्रिंसिपल सुधा रानी ने बताया कि स्कूल के 65 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। जिसमें प्रतिभा शर्मा ने 489 अंक प्राप्त कर जिले में उत्कृष्ट स्थान पाया। वहीं ज्योति जैन ने 488, शुभम ने 476 व दीपक ने 472 अंक प्राप्त किए। स्कूल के 32 विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान पाया।
नवयुग पब्लिक स्कूल जाटल रोड की दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम शानदार रहा। मुख्य अध्यापक ओंकार सिंह ने बताया कि स्कूल के 31 बच्चों ने मेरिट में स्थान पाया है। विकास कुमार ने 482 अंक प्राप्त कर जिले में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया है। स्कूल के 45 विष्रार्थियों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा पास की है।