पानीपत। देशराज कॉलोनी में प्रॉपर्टी डीलर के घर मंगलवार रात छत के रास्ते से घुसे चोर 65 हजार रुपये और किरायेदार की स्कूटी उठा ले गए। बुधवार सुबह होने पर प्रापर्टी डीलर घटना का पता चला। मौके पर छोड़ा गया मोबाइल पड़ोसी का निकला। किला थाना पुलिस में मामला दर्ज कराया है।
देशराज कॉलोनी निवासी प्रवीन कुमार ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलर हैं और उनकी पत्नी सुमन रानी सिविल अस्पताल में स्टाफ नर्स हैं। उन्होंने मकान की छत पर बने कमरे को किराये पर दे रखा है। मंगलवार रात करीब दो बजे उसकी पत्नी को शोर सुनाई दिया। वह कमरे से बाहर निकली और दूसरे कमरे में गई तो सामान बिखरा था। अलमारी खुली हुई थी, सामान चेक किया तो 65 हजार रुपये चोरी मिले। वे ऊपर किरायेदार के पास पहुंचे तो वहां भी गेट खुला था।
गैलरी से किरायेदार महावीर गोयल की स्कूटी भी गायब मिली। प्रवीन ने बताया कि मेन गेट के पायदान पर एक मोबाइल पड़ा मिला था। मोबाइल में पैटर्न लॉक लगा था तो उन्होंने मोबाइल का सिम निकालकर अपने मोबाइल में डाल लिया। तब ट्रू कॉलर पर पड़ोसी अमन सैनी का नाम लिखा आया। उन्होंने सुबह होने पर अमन के चाचा राकेश से पूछा तो उन्होंने भी इस नंबर को अमन का ही बताया। इसके बाद उन्होंने किला थाना पुलिस को शिकायत दी है।
पड़ोसी बोला, उनके मकान में भी हुई चोरी
प्रॉपर्टी डीलर प्रवीन ने बताया कि उनकी और अमन सैनी के घर की दीवार छूती है। दोनों ही मकानों में कोई भी आसानी से आ जा सकता है। प्रवीन ने बताया कि उन्होंने अमन सैनी के पिता से चोरी की शिकायत की तो उन्होंने कहा कि रात में उनके मकान में भी चोरी हुई। उनके बेटे का मोबाइल चोरी हुआ है। पड़ोसी का कहना है कि चोर पहले उनके मकान में घुसे, फोन चोरी करने के बाद प्रवीन के मकान में पहुंचे।
प्रॉपर्टी डीलर की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है, मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जांच में जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- महिपाल सिंह, किला थाना प्रभारी