पानीपत। दुकानों के शटर उखाड़कर चोरी करने वाले गिरोह के सात सदस्यों को पकड़ सीआईए-2 से सात वारदातों का खुलासा किया है। इसके पास से पुलिस ने 20 हजार रुपये, एक लैपटॉप और दो एम्प्लीफायर बरामद किए हैं। सातों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
सीआईए-टू प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह ने बताया बुधवार की रात सीआईए-2 ने देशराज कालोनी में पीर के पास से आनंद निवासी शिव नगर, महताब निवासी अशोक विहार कालोनी, कृष्ण उर्फ शंकर निवासी पुराना दलबीर नगर, ऋषिपाल निवासी कुटानी रोड, रिजवान उर्फ अज्जु निवासी अशोक विहार कालोनी, आसिफ निवासी मनमोहन नगर और तालिब निवासी अशोक विहार कालोनी पानीपत को गिरफ्तार किया। इन्होंने मई में थाना किला क्षेत्र के अंतर्गत छोटू राम चौक पर स्थित शिव शक्ति मेडिकल स्टोर से करीब 70 हजार रुपये चोरी किए थे।
पूछताछ में इनसे छह और वारदातों का खुलासा हुआ। इनका आपराधिक रिकार्ड भी है। जिले के विभिन्न थानों में इन पर चोरी के आठ केस दर्ज हैं। आरोपी आनंद पर एक केस दर्ज है, जिसमें वह जमानत पर है। कृष्ण उर्फ शंकर के खिलाफ किला थाने में तीन केस दर्ज है, वह भी जमानत पर बाहर है। ऋषिपाल के खिलाफ किला थाने में ही एक और रिजवान उर्फ अज्जु के खिलाफ भी एक केस दर्ज है। ये भी जमानत पर बाहर हैं।