पानीपत। अशोक विहार कॉलोनी में अपना मोबाइल फोन छुड़ाने के लिए छात्र झपटमारों से भिड़ गया। वे बाइक से भागे तो उसने गाड़ी पकड़ ली और उन्हें पकड़ने के लिए करीब 100 मीटर तक घिसटता रहा लेकिन उसकी पकड़ कमजोर पड़ गई और झपटमार भाग निकले। छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना रविवार करीब आठ बजे की है। अशोक विहार कॉलोनी निवासी 16 वर्षीय अहमद ने बताया कि लॉकडाउन की वजह से स्कूल बंद हैं। उसने बड़े भाई के साथ मिलकर मेट बनाने की मशीन लगा रखी है। रविवार रात आठ बजे वह अपने घर के बाहर खड़ा था। उसने बड़े भाई को कॉल लगाई तभी बाइक पर सवार दो युवक आए और उससे कुछ दूरी पर बाइक रोक दी। बाइक सवार दोनों युवकों में से पीछे बैठा युवक उतरकर आया और फोन छीनकर भागने लगा।
छात्र के मुताबिक, उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह धक्का देकर अपने साथी की बाइक पर जाकर बैठ गया। दौड़कर छात्र ने बाइक का पिछला हिस्सा पकड़ लिया। झपटमार करीब 100 मीटर तक उसे घसीटते हुए ले गए, ब्रेकर आने पर उसके हाथ की पकड़ छूट गई। इसके बाद झपटमार पहलवान चौक से नाले की तरफ फरार हो गए। घिसटने से छात्र को काफी चोटें आईं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ड्राइवर का भी छीना मोबाइल
सौंधापुरा निवासी विजय कुमार ने बताया कि वह उग्राखेड़ी में राजधानी स्टील कंपनी में ड्राइवर की नौकरी करता है। उसने हाल ही में नया फोन लिया था। इसकी तीन किस्त भरना बाकी था। पांच जून को लेट होने पर मालिक ने अपनी गाड़ी में रात 10 बजे संजय चौक पर छोड़ा। यहां से वह भाई प्रदीप के साथ पैदल पैदल घर जा रहा था। जाटल रोड पर साईंराम अस्पताल के पास घर से कॉल आने पर बात करने लगा और इसी दौरान बाइक सवार दो झपटमारों ने फोन लूट लिया। झपटमार देशवाल चौक की तरफ फरार हो गए।
दोनों ही मामलों में संबंधित थाना में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, आरोपी झपटमारों की तलाश की जारी है, टीम संबंधित ठिकनों पर दबिश दे रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय