पानीपत। चोरों ने रविवार रात भी दो लाख रुपये कीमत के कश्मीरी कपड़े से भरे दो बोरे चोरी कर लिए। तीन में से एक चोर गोदाम में छत के रास्ते से अंदर घुसा और दरवाजे का शीशा तोड़कर ऑफिस में घुसा। उसके बाद सीसीटीवी कैमरे का कनेक्शन काटा, लेकिन इसके बावजूद भी कैमरे में आरोपी कैद हो गए हैं। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एल्डिको सेक्टर चार निवासी मनीष गुप्ता ने बताया कि उनकी काबड़ी रोड, कुलदीप नगर में एपजो इंटरप्राइजेज के नाम से गोदाम है। इसमें वह वेस्ट कपड़े का काम करता है। चार जून की रात को वह गोदाम बंद करके घर गए थे। सुबह ऑफिस पहुंचे तो दरवाजे का शीशा टूटा मिला। करीब दो लाख रुपये का कश्मीरी कपड़ा चोरी मिला। चोर कपड़े के दो बोरे ले गए। सीसीटीवी फुटेज में तीन चोर दिखे हैं। चोरों ने सीसीटीवी कैमरे के सेटअप बॉक्स के कनेक्शन काटने का प्रयास किया। रात 12:20 बजे गोदाम में घुसे चोर पौने दो बजे के आसपास निकले। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर, किला थाना पुलिस को दी शिकायत में वार्ड 11 निवासी पारस ने बताया कि उसकी भावना चौक पर कृपा मेडी प्वाइंट के नाम से मेडिकल स्टोर की दुकान है। वह छह जून की रात नौ बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। सोमवार सुबह दुकान पर पहुंचा तो शटर टूटा मिला। अंदर जाकर सामान चेक किया तो तीन हजार रुपये का इंवर्टर, 10 हजार रुपये की कॉस्मेटिक, सात हजार रुपये की दवाएं चोरी मिलीं। उसका करीब 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।