कुराना गांव में बुधवार देर रात को घर बैठे चार दोस्तों के बीच अचानक गोली चल गई। गोली चलने से अपनी रिश्तेदारी में आए एक युवक की मौत हो गई। वारदात के बाद बाकी तीनों दोस्त फरार हो गए।
जिस हथियार से गोली चली, फिलहाल उसका पता नहीं चल सका है। थाना मतलौडा पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को जल्द काबू करने का दावा किया है।
गोली चलने की वारदात थाना मतलौडा के अंतर्गत कुराना गांव में बीती देर रात को हुई। यहां पर रमेश के घर पर विकास उर्फ सोनी निवासी मोरखी खेड़ा जींद अपने दोस्तों सुमित निवासी गढ़ी छाजू पानीपत, अमित निवासी गांगोली जींद और अनिल निवासी हाडवा जींद के साथ आया हुआ था।
विकास की रमेश के यहां पर रिश्तेदारी है। वे सब बुधवार की शाम रमेश के साथ उनके खेतों में चले गए। उन्होंने यहां पर खाया पीया और देर रात करीब 12 बजे वापस घर पर आ गए। रमेश ने चारों रिश्तेदारों को अपने मकान के एक कमरे में बैठा दिया और उनके लिए खाना लेने चला गया।
इसी समय कमरे में गोली चल गई। वह गोली चलने की आवाज सुनकर वापस आया। उसने अनिल को चारपाई पर पड़ा पाया और उसके पेट से खून बह रहा था। अनिल के तीनाें दोस्त बाहर गली में खड़े थे। रमेश ने अपने परिवार के लोगों को बुलाया।
इसी समय मौके का फायदा उठाकर विकास उर्फ सोनी, सुमित और अमित फरार हो गए। रमेश अपने परिवार के लोगों के साथ घायल अनिल को लेकर शहर के एक निजी अस्पताल में पहुंचा।
जहां पर डाक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना मिलते ही थाना मतलौडा पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार के लोगों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने कुराना निवास रमेश के बयान पर विकास उर्फ सोनी, सुमित और अमित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
निजी अस्पताल में दिनभर पड़ा रहा शव
अनिल ने बीती देर रात को ही शहर के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। शव दिनभर निजी अस्पताल में रखा रहा। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना अनिल के परिजनों को भी दी। वे भी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे। परिवार और रिश्तेदार दिनभर पोस्टमार्टम कराने या न कराने पर विचार करते रहे। बाद में पुलिस ने दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस हथियार की तलाश में जुटी
अनिल को गोली लाइसेंसी रिवाल्वर से लगी है या फिर देसी पिस्तौल से। इस सवाल का जवाब पुलिस के पास भी नहीं है। पुलिस का कहना है कि गोली अनिल के पेट में लगी है और शरीर में धंस गई। डाक्टरों की कोशिश के बाद भी गोली को नहीं निकाला जा सका।