पानीपत। साइबर ठग लोगों को लगातार चूना लगा रहे हैं। कहीं क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर या अन्य तरीकों से वे लोगों को अपने जाल में फंसाकर चूना लगा रहे हैं।
साइबर ठगों ने खाते से पांच बार में उड़ाए 84 हजार रुपये
पानीपत। हैंडलूम कारोबारी के खाते से साइबर ठगों ने पांच बार ट्रांजेक्शन कर 84 हजार रुपये निकाल लिए। कारोबारी ने इस मामले में थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सौंधापुर निवासी हैंडलूम कारोबारी रमेश चंद ने बताया कि उनका बैंक खाता इंडसइंड बैंक पानीपत में हैं। शनिवार की दोपहर करीब 12 बजे चेक क्लीयरिंग के लिए कस्टमर केयर में बात करते वक्त खाते से पांच बार में 84,000 रुपये कट गए। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर लगा चूना
पानीपत। न्यू प्रकाश नगर निवासी युवक के साथ साइबर ठगों ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी कर ली। लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर 16,160 रुपये की रकम काट ली। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
न्यू प्रकाश नगर निवासी रवि कुमार चार मई को अपने कार्यालय में था, तब शाम करीब चार बजे एक कॉल आया और महिला ने कहा कि वह आरबीए बैंक के क्रेडिट कार्ड विभाग से बात कर रही है। उसने क्रेडिट कार्ड के बारे में पूछा और ड्यूडेट बताते हुए आधार कार्ड का नंबर भी ले लिया।
इसके बाद 16160 रुपये की लिमिट बढ़ाने के लिए कहा। महिला ने कहा कि क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ा दी है। तभी एक मैसेज भी आया, लेकिन उन्हें लगा कि लिमिट बढ़ाए जाने का मैसेज आया होगा। अब मैसेज चेक करने पर पता चला कि लिमिट बढ़ाने की जगह क्रेडिट कार्ड से रुपये कट गए हैं। जिसके बाद आरबीएल बैंक को शिकायत देकर पुलिस को भी शिकायत दी। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एटीएम कार्ड का क्लोन बनाकर निकाले लिए 25 हजार रुपये
पानीपत। साइबर ठगों ने एटीएम कार्ड का क्लोन बनाकर 25 हजार रुपये का चूना लगा दिया। एटीएम कार्ड पीड़ित के पास ही था, ऐसे में उसका क्लोन बनाकर ठगी करने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हाली कालोनी निवासी आसिफ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका खाता बैंक ऑफ बडौदा सनौली रोड पर है। शनिवार को खाते से तीन बार में 25000 रुपये कटने का मैसेज आया। यह रकम एटीएम कार्ड के जरिए निकाली गई है जबकि कार्ड उसके पास ही था।