फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंक प्रबंधकों ने किए हाथ खड़े, ग्राहकों के तेवर हुए कड़े

Sun, 20 Nov 2016 12:51 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला/ पानीपत
विज्ञापन
पानीपत - फोटो : bureau
विज्ञापन
जिले के एसबीआई को छोड़कर लगभग बैंकों में कैश खत्म होने से लोगों का सब्र अब टूट गया। लोगों ने पंजाब नेशनल बैंक में कैश न होने पर असंध रोड पर जाम लगा दिया। गांव सिवाह स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के बाहर खड़े होकर लोगों ने भी गुस्से का इजहार किया। जीटी रोड पर संजय चौक स्थित कर्नाटका बैंक में लोगों ने हंगामा काटा। जिले में इन सबके बीच 184 करोड़ जमा हुए और 18 करोड़ रुपये एक्सचेंज किए गए या निकाले गए। बैंक में कैश खत्म होने के बाद पैसों को लेकर सोमवार को आने की सलाह दी गई। बैंकों से हटे लोग एटीएम के बाहर खड़े हो गए। लेकिन, जिले में करीब 96 एटीएम बंद होने से यहां भी मारामारी रही। बैंक अधिकारियों ने सोमवार को नया कैैश पर्याप्त मात्रा में मिलने का आश्वासर दिया है। सोमवार को बैंक सामान्य दिनों के समय तक ही लेन-देन करेंगे।
विज्ञापन

बैंकों और एटीएम के बाहर शनिवार को सुबह ही लोगों की लाइन लग गई। इससे कुछ ही देर में कैश खत्म हो गया। बैंक अधिकारियों ने लोगों को बताया कि कैश खत्म हो गया है, लेकिन लोगों ने उस पर ध्यान नहीं दिया। अधिकारियों के बार-बार कहने के बाद भी कोई लाइन से नहीं हटा। ऐसे में कर्मी अपनी सीटों से उठ गए। लेन-देन बंद होने के बाद लोग बैंकों के बाहर आ गए। असंध रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के बाहर लोगों ने जाम लगा दिया। लोगों ने कहा कि सरकार को पहले नोटों की व्यवस्था करनी चाहिए थी। कोई भी अमीर आदमी लाइनों में नहीं खड़ा है। केवल गरीब लोग ही बैंकों में कैश लेने पहुंच रहे हैं। अमीर लोगों की पहुंच ऊपर तक है। वे सीधे ही अपने नोट बदलवा रहे हैं। असंध रोड पर जाम की स्थिति आधे घंटे ही रह सकी। सिवाह गांव में शादी के लिए पैसे न मिलने पर लोगों ने बैंक के बाहर नारेबाजी की। कर्नाटका बैंक के अंदर और बाहर भी लोगों ने कैश न होने पर गुस्सा जाहिर किया।
सोमवार से बैंकों की वर्किंग चार बजे तक ही
सोमवार से बैंकों में सामान्य दिनों की तरह ही वर्किंग होगी। इस संबंध में बैंकों को निर्देश मिल चुके हैं। अधिक प्रेशर को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
विज्ञापन

जिले के अधिकतर बैंक और एटीएम आउट ऑफ कैश
पानीपत में करीब चार दिनों से भारतीय स्टेट बैंक को छोड़कर किसी भी बैंक में कैश नहीं आ रहा। इस कारण एसबीआई के बैंकों, उसकी 16 शाखाओं और 42 एटीएम पर भीड़ बढ़ती जा रही है। जिले के सभी बैंकों में सिर्फ पैसे जमा हो रहे हैं। उनके एटीएम स्क्रीन पर आउट ऑफ कैश या आउट ऑफ सर्विस दिखा रहे है।

जिले में कैश आ भी रहा है तो वह दस या पंद्रह लाख ही है। यह कैश लंच टाइम तक ही चल पाता है। इसके बाद ब्रांच में कैश उपलब्ध नहीं है का बोर्ड लगा दिया है।

इनकम टैक्स की जन-धन और सुकन्या योजना खातों पर नजर
आयकर विभाग ने जन-धन और सुकन्या योजना के तहत खोले गए खातों पर नजर बनाई हुई है। ऐसे किसी भी खाते में 500 हजार या इससे अधिक के रुपये जमा कराए जा रहे है तो आयकर विभाग उसकी जांच कर सकता है। आयकर विभाग का आईटी सेल सक्रिय है।

यह सेल बैंकों के खातों में जमा हो रहे कैश या आधार कार्ड दिखाकर दो बार पैसे एक्सचेंज करने वालों पर नजर रखे हुए है।

खाते में 39 हजार आते ही बीपीएल की पात्रता खत्म
सरकारी आदेश के बाद जिले के बीपीएल धारकों के खातों में 39 हजार जमा होते ही तुरंत प्रभाव से उनकी बीपीएल की पात्रता सदा के लिए खत्म कर दी जाएगी। इसके लिए विशेष रूप से बैंक मैंनेजरों ने लोगों से अपील की है कि किसी के काले धन को सफेद करने के प्रयास न करें।

इससे उनकी पात्रता रद्द कर दी जाएगी। साथ ही आयकर विभाग पूछताछ भी कर सकता है।

डाकघर में पहुंचे एक करोड़ बीस लाख
डाकघभर में एक करोड़ बीस लाख रुपये एसबीआई बैंक से पहुंचे। इसके बाद मुख्य डाकघर ने जिले के अपने उप डाकघरों को करीब 85 लाख रुपये दे दिए। पोस्ट मास्टर अनिल शर्मा ने बताया कि बैंक जब तक पैसे देते रहेंगे, वे लोगों को सुचारु रूप से एक्सचेंज करते रहेंगे

गांव सिवाह निवासी ईश्वर सिंह ने बताया कि मैं पांच दिनों से गांव के पीएनबी बैंक में आ रहा हूं। यहां पर कैश नहीं होने पर एक पैसा नहीं मिला है। पैसे न होने पर चार एकड़ में गेहूं की बिजाई तक नहीं हुई है। घर का खर्च चलाने में भी पसीने आ गए हैं।

गांव सिवाह निवासी बलवंत सिंह ने बताया कि वह हर रोज पीएनबी बैंक की शाखा में आता हूं, लेकिन हर बार बैंक अधिकारियों का एक ही जवाब मिलता है कि बैंक में कैश नहीं है। खेती का काम है। हर रोज ट्रैक्टर चलाकर ही घर का गुजारा चल रहा है।

अमर भवन चौक निवासी संदीप कुमार ने बताया कि उसका खाता पंजाब एंड सिंध बैंक में है। एक महीना हो चुका है। बैंक से एक बार भी पैसे नहीं निकाले। अब चेक लेकर आया हूं तो कैश देने से मना किया जा रहा है। बैंक ऐसा व्यवहार नहीं कर सकते।

गांव सिवाह निवासी विजेंद्र शर्मा ने बताया कि मेरे घर में चार सदस्य हैं। चारों दिव्यांग है। मैं रोज पीएनबी बैंक आ रहा हूं, लेकिन पैसे नहीं मिल रहे है। उनके पास बैंक का एटीएम नहीं है। इस कारण मुझे अधिक परेशानी हो रही है।

मतलौडा निवासी नवीन ने बताया कि घर के सभी का खाते पंजाब एंड सिंध बैंक में है। एक बार भी पैसे एक्सचेंज नहीं करवाए। अब पैसों की जरूरत, तो बैंक पैसे नहीं दे रहे। अब घर में एक पैसा तक नहीं है। घर का गुजारा कैसे चलेगा।

जिले के बैंकों में पर्याप्त कैश न होने के चलते लेन-देन में कुछ दिक्कत आई है। शनिवार को कैश न होने पर 96 एटीएम बंद रहे। इन सबके बीच 184 करोड़ रुपये जमा हुए और 18 करोड़ एक्सचेंज किए गए। बैंकों में सोमवार को पर्याप्त कैश पहुंच जाएगा। लोगों को इसके बाद किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी।
विज्ञापन

राकेश वर्मा, एलडीएम, पानीपत।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें