नेफ्था क्रैकर रोड पर तीन किलोमीटर के दायरे में दो हादसों में एक ट्रक चालक की मौत हो गई और एक ट्राला नहर में गिर गया।
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद ट्राले और चालक दल को नहर से बाहर निकाला। वहीं, पुलिस ने दूसरे हादसे में मृत चालक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
पानीपत-रिफाइनरी रोड पर गढ़ी सिकंदरपुर के पास दो ट्रकों में भिड़ंत हो गई। इसमें एक ट्रक के चालक इरकान की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि मेरठ निवासी इरकान ट्रक लेकर रिफाइनरी की तरफ जा रहा था।
गढ़ी सिकंदरपुर निकलने के बाद सामने से चावलों से भरे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। इसमें इरकान की मौत हो गई और दूसरे ट्रक का चालक घायल हो गया। वह निसिंग से चावल लेकर चला था और पानीपत की तरफ आ रहा था।
पुलिस और राहगीरों ने घायल को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। जहां से उसको पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। वहीं, दूसरे चालक का शव शवगृह में रखवा दिया और परिजनों के पहुंचने पर शव का पोस्टमार्टम कराया।
गोहाना-असंध रोड बाईपास पर विराट नगर के सामने एक ट्राला सामने से आ रहे ट्रक के साथ टकराकर दिल्ली पैरेलल नहर में गिर गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद चालक दल और ट्राले को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि दोनों की स्पीड ज्यादा थी और ट्राला चालक ने ट्रक को बचाने के प्रयास किया।