पानीपत। न्यू मॉडल टाउन कॉलोनी में जिस फैक्टरी में आग लगी है वह एक गली में स्थित है। चोरों ओर आवासीय मकान हैं। आग की तपिश से आस-पास के घरों में भी नुकसान हुआ है। कुछ मकानों की दीवारों में दरार आ गई हैं। बिजली के तार जल गए हैं। इस दौरान पूरी कॉलोनी की बिजली काट दी गई। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि फैक्टरी में पहले भी हादसे हो चुके हैं।
उन्होंने फैक्टरी को आबादी से बाहर करने की मांग की थी। दोपहर करीब 1 बजे फैक्टरी में आग लगनी शुरू हुई थी। फैक्टरी में कुछ कैमिकल के ड्रम भी रखे थे। इस कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी फैक्टरी को चपेट में ले लिया। फैक्टरी के दोनों और मकान हैं। पड़ोसी विकास ने बताया कि आग लगने से कुछ मकानों में दरार आ गई है।
इस कारण आस-पास के लोग घरों से बाहर आ गए। उधर, जिला अग्निशमन अधिकारी गुरमेल सिंह ने बताया कि आग पर काबू पाने में आठ से 10 घंटे का समय लगा है। फैक्टरी में आग लगने और मानकों की जांच की जाएगी।