एक साल के लिए ठेके पर देगा निगम, 20.35 लाख रुपये रखा आरक्षित मूल्य दोपहिया के पहले तीन घंटे के 20 और कार के 50 रुपये लगेंगे
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। त्योहारी सीजन में पालिका बाजार आने वाले लोगों को पार्किंग की सुविधा देने के लिए नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। निगम पालिका बाजार स्थित पार्किंग स्थल को एक वर्ष के लिए ठेके पर देगा। इसके लिए 27 अक्तूबर को एग्रो मॉल स्थित निगम कार्यालय की चौथी मंजिल पर बोली लगाई जाएगी। पार्किंग का आरक्षित मूल्य 20.35 लाख रुपये तय किया गया है।
नगर निगम के पालिका बाजार कार्यालय के साथ ही यह पार्किंग स्थल स्थित है। पहले ठेकेदार की मनमानी के चलते निगम ने ठेका रद्द कर दिया था। इसके बाद यहां पार्किंग की समस्या बढ़ गई थी। अब निगम ने पारदर्शी प्रक्रिया के तहत दोबारा ठेका आवंटित करने का निर्णय लिया है। बोली में शामिल होने वाले ठेकेदारों को प्रक्रिया शुरू होने से पहले दो लाख रुपये जमा कराने होंगे। असफल बोलीदाताओं की यह राशि नियमानुसार वापस कर दी जाएगी।
नियमों का पालन नहीं करने पर राशि होगी जब्त
निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने बताया कि बोली समाप्त होने के तुरंत बाद सफल बोलीदाता को उच्चतम बोली के अनुसार तीन महीने के अग्रिम किराये के बराबर राशि सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में जमा करानी होगी। इसमें पहले जमा कराई गई अर्नेस्ट मनी समायोजित कर दी जाएगी।
निर्धारित अवधि में सिक्योरिटी राशि जमा नहीं कराने पर बोलीदाता की दो लाख रुपये की अर्नेस्ट मनी जब्त कर उसे ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। ऐसी स्थिति में दूसरे सबसे अधिक बोली लगाने वाले को ठेका देने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
निगम ने पार्किंग के रेट किए निर्धारित
नगर निगम ने पार्किंग में वाहनों को खड़ा करने के लिए शुल्क भी निर्धारित किया है। दोपहिया वाहनों के लिए पहले तीन घंटे का शुल्क 20 रुपये और इसके बाद प्रत्येक घंटे के 10 रुपये देने होंगे। वहीं, चारपहिया वाहनों के लिए पहले तीन घंटे का शुल्क 50 रुपये और इसके बाद प्रत्येक घंटे के 20 रुपये निर्धारित किए गए हैं। इन्हीं दरों के आधार पर वाहन चालकों से पार्किंग शुल्क लिया जाएगा।