हरियाणा के जिले कैथल में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में लगी आग के कारण करीब 20 लाख रुपये के नुकसान हुआ है। बैंक में सोमवार को कामकाज लगभग पूरी तरह से ठप रहा।
बैंक अधिकारियों ने दो कंप्यूटर को शुरू करके अपना काम शुरू कर दिया है। मंगलवार से उपभोक्ताओं के लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की जाएगी। घटना के बाद बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक ने सोमवार को बैंक का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
जिले के पदमा मॉल के पास स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की शाखा में दोपहर बाद आग लग गई थी। इसे करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया गया था।
बैंक के तीन ओर से दीवारें और दरवाजे तोड़ कर फायरब्रिडेग कर्मियों ने आगपर काबू पाया। रविवार को रात भर पुलिस कर्मियों एवं बैंक अधिकारियों ने बैंक के चारों ओर ड्यूटियां दीं।
सोमवार को भी नुकसान का आकलन जारी रहा और कर्मचारियों ने बैंक में व्यवस्था को संभालने का प्रयास किया। उधर साथ ही तोड़ी गई दीवारों को भी पाटने का काम किया गया। इसके अलावा साफ-सफाई पर भी काफी समय लगा।
कैथल शाखा प्रबंधक जयपाल नागरा ने बताया कि बैंक में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान है। अभी तक करीब 20 लाख रुपये के नुकसान का अंदाजा लगाया गया है।
बैंक में सामान जलने के अलावा आग बुझाने के लिए प्रयोग किए गए पानी से भी काफी उपकरण खराब हुए हैं। उन्होंने बताया कि बैंक में दो कंप्यूटरों से काम किया जाएगा।
उपकरणों को ठीक करवाने व अन्य कार्य को सुचारू रूप से चलाने में कुछ समय लग सकता है। सोमवार को बैंक के क्षेत्रिय प्रबंधक बलदेव प्रकाश ने बैंक का दौरा किया तथा घटनास्थल के संबंध में जानकारी हासिल की है।