पानीपत। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं कर्मचारी फेडरेशन के संयुक्त आह्वान पर दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के दूसरे दिन मंगलवार को किसान मजदूर कर्मचारी संगठनों ने जुलूस निकाला। लघु सचिवालय पहुंचे और घेराव किया। इसी के साथ बैंक, बिजली निगम एवं सरकारी विभागों के कार्यालय बंद रहे। हैंडलूम कर्मचारी हड़ताल पर होने से फैक्टरियां बंद रहीं।
हड़ताल में सीटू, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा, अखिल भारतीय किसान सभा, संयुक्त किसान मोर्चा, अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन, सीटू से संबंधित इंडस्ट्रियल वर्कर यूनियन, आशा आंगनबाड़ी, मिड डे मील, क्रेच वर्कर एसके से संबंधित पब्लिक हेल्थ कर्मचारी यूनियन पटवार, कानूनगो यूनियन, रिटायर्ड कर्मचारी संघ भारत बंद में शामिल हुए।
एलआईसी कर्मचारी हड़ताल पर रहे
एलआईसी एजेंट ऑर्गेनाइजेशन संबंधित सीटू ब्रांच ईदगाह रोड पानीपत एलआईसी कार्यालय के सामने दूसरे दिन हड़ताल पर बैठे रहे। एलआईसी कर्मचारियों ने भी धरना दिया। अध्यक्षता ब्रांच के प्रधान राम भजन ने की। यूनियन के राज्य उपप्रधान सूरज प्रकाश सैनी ने धरने को संबोधित किया। संचालन जिला सचिव रामेहर ,कोषाध्यक्ष जसवीर, उप प्रधान अजमेर मलिक ने आरोप लगाते हुए कहा कि देश को सबसे ज्यादा कमाई देने वाले एलआईसी को केंद्र सरकार पूर्ण निजीकरण के रास्ते पर ले जा रही है। इसका हम विरोध करते हैं। धरने में अंकित, रोशन लाल,मनोज बजाज, रामकरण जुगल, आदि शामिल रहे।
बैंकों में न के बराबर पहुंचे उपभोक्ता
उपभोक्ताओं को हड़ताल के दूसरे दिन जानकारी मिलने से जिले के सरकारी बैंको में न के बराबर उपभोक्ता बैंकों में पहुंचे। वहीं बैंक की जगह कैफे वालों के पास उपभोक्ताओं ने अपने अकाउंट से पैसे डलवाए और एटीएम से पैसे निकलवाए। वहीं बैंक के बाहर लगातार दूसरे दिन बैंक बंद होने का पोस्टर लगा रहा। इससे बैंकों को दूर से देखकर ही उपभोक्ता वापस जाते रहे।
पानीपत। हड़ताल पर बैठे हुए एलआईसी एजेंट।- फोटो : Panipat