पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी सरकारी अवकाश के चलते तीन दिन बंद रहेगी। इस दौरान केवल आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी। मरीजों को तीन दिन बाद मंगलवार को ओपीडी में चिकित्सक, इलाज व दवा मिलेगी। इन सबके बीच बारिश के चलते शुक्रवार को केवल 900 ओपीडी हो पाई। इनमें भी ज्यादातर खांसी-जुकाम, बुखार और गले में खराश के मरीज रहे।
जिला नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को चर्म रोग विशेषज्ञ न होने से व बारिश होने के कारण अस्पताल की ओपीडी सामान्य दिनों से भी कम रही। इसमें ज्यादातर फिजिशियन और ईएनटी के मरीज रहे। मौसम बदलाव से खांसी-जुकाम, बुखार, गले में खराश की समस्या बढ़ गई है। अस्पताल में करीब 150 मरीजों काे पूरी दवा के बिना लौटना पड़ा। अशोक विहार कॉलोनी के अजमेर और दीपक ने बताया कि उनको बुखार है। वे शुक्रवार को अस्पताल में दवा लेने आए थे। चिकित्सक की लिखी चार में से दो दवा मिल पाई हैं। बाकी दो दवा नहीं मिली। ज्योति कॉलोनी की निशा ने बताया कि वह चर्म रोग विशेषज्ञ से परामर्श करने आई थी। शुक्रवार को चर्म रोग विशेषज्ञ की ओपीडी नहीं मिली। वह शनिवार को आने की सोच रही थी। अस्पताल के पंजीकरण काउंटर पर शनिवार को ईद का अवकाश होने की जानकारी मिली। उनको मंगलवार को अस्पताल में आने के बारे में कहा गया। उनको अब मंगलवार को अस्पताल में आना पड़ेगा। संवाद
वर्जन :
शनिवार और सोमवार को राजकीय अवकाश के चलते अस्पताल की ओपीडी बंद रहेगी। अस्पताल में आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी। मंगलवार को सभी चिकित्सक अस्पताल आएंगे और मरीजों की सुचारू रूप से जांच की जाएगी।
डॉ. विजय मलिक, सीएमओ।