प्रतिदिन ब्रश करने के लिए शपथ दिलाते दंत चिकित्सक डॉ. हरीश जुनेजा। स्रोत : विभाग
पानीपत। चॉकलेट, चिप्स, कुरकरे बच्चों की पहली पसंद बने हुए हैं। वे इनके साथ दिन की शुरुआत करते हैं और रात को सोने से पहले तक भी खाते हैं। कुछ बच्चे तो शाम को ब्रश तक नहीं कर रहे हैं। ऐसे में बच्चों के कम उम्र में ही दांत खराब हो रहे हैं। जिला नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन 18 वर्ष के कम आयु के करीब 15 बच्चे अस्पताल पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग इसके लिए जागरूक कार्यक्रम भी करता है। विश्व ओरल हेल्थ दिवस पर शुक्रवार को जागरूकता कार्यक्रम किया गया। जहां अस्पताल में पहुंचे मरीजों को दांतों की सफाई के बारे में बताकर जागरूक किया गया और शाम को ब्रश करने के लिए सभी को शपथ दिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग एक महीने तक स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्रों पर जागरूकता शिविर लगाएगा।
जिला नागरिक अस्पताल में तीन साल पहले तक जहां एक दिन में करीब पांच बच्चे दांत की समस्या लेकर पहुंचते थे वहीं अब एक दिन में करीब 15 बच्चे पहुंच रहे हैं। जिला नागरिक अस्पताल के दंत चिकित्सक डॉ. हरीश जुनेजा ने बताया कि दांत खराब होने का मुख्य कारण शाम को ब्रश न करना और चॉकलेट, चिप्स, कुरकरे ज्यादा खाना है ये चिपचिपा खाना दांतों में चिपका रह जाता है जो कुल्ला करने से साफ नहीं होता है। इसलिए शाम को सोने से पहले ब्रश अवश्य करनी चाहिए। बच्चों को ब्रश करने का सही तरीका बताने के लिए अभिभावकों को शुरुआत में स्वयं उन्हें ब्रश करनी चाहिए ताकि बच्चे अच्छे से सीख सके। दांत में कोई भी समस्या होने पर बाहर मेडिकल स्टोर से दवा न लेकर चिकित्सक से परामर्श करना चाहिए।
एक महीने तक चलेगा जागरूकता शिविर-
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 20 मार्च से 20 अप्रैल तक दांतों की सफाई के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। जिला नागरिक अस्पताल, समालखा के सामान्य अस्पताल, सीएचसी-पीएचसी समेत सभी स्वास्थ्य केंद्रों और शिक्षा केंद्रों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी शिविर लगाए जाएंगे और लोगों को जागरूक किया जाएगा कि वे शाम को ब्रश अवश्य करें और चाॅकलेट, चिप्स, कुरकरे आदि खाने से परहेज करें।
वर्जन :
लोगों में जागरूकता की कमी है। ज्यादातर लोग सुबह उठकर ब्रश करते हैं लेकिन शाम को सोने से पहले नहीं करते जो उनके दांतों के खराब होने का मुख्य कारण बनता है इसलिए लोगों को जागरूक करने के लिए एक महीने तक जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे और लोगों को जागरूक किया जाएगा।
डॉ. विजय मलिक, सीएमओ।