पानीपत। अब पेंशन बनवाने के लिए लोगों को कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जिला समाज कल्याण विभाग ने ऑनलाइन पेंशन फार्म भरने की योजना तैयार कर ली है। इसे जल्द ही अमलीजामा पहनाया जाएगा। ऑनलाइन पेंशन फार्म भरने से आवेदकों को सुविधा मिलेगी।
पेंशन फार्म जमा करवाने के लिए अभी लोगों को विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इसके साथ ही आवेदन रद्द होने की सूचना भी उन्हें महीनोें बाद मिलती है। ऐसे में उन्हें पेंशन के लिए सालों इंतजार करना पड़ जाता है।
पेंशन बनवाने के लिए कई बार फार्म भरने पड़ते है। इसके बाद भी पेंशन बनने की गारंटी नहीं होती। इन सभी समस्याओं से आवेदकों को छुटकारा दिलाने के लिए विभाग ने ऑनलाइन पेंशन फार्म भरने की योजना लागू करने का फैसला लिया है।
सरपंच के पास करवाने होंगे दस्तावेज जमा
पेंशन फार्म ऑनलाइन भरने के बाद आवेदक को दस्तावेज ग्राम पंचायत के सरपंच के पास जमा कराने होंगे। इसके लिए आवेदक को कार्यालय नहीं जाना होगा। ऑनलाइन फार्म भरने के बाद फार्म में यदि कोई कमी रह जाती हैं, तो इस बारे में ग्राम पंचायत के सरपंच से ही जानकारी मिल जाएगी।
वेरिफिकेशन भी होगा ऑनलाइन
जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय आवेदक के दस्तावेजों का वेरिफिकेशन भी ऑनलाइन करेगा। अधिकारी शक होने पर आयु का दूसरा प्रमाण पत्र भी मांग सकता है। दूसरा प्रमाण पत्र न दिखाने पर पेंशन फार्म रद्द किया जा सकेगा।
जिले में 97 हजार 582 पेंशनधारक
जिले में करीब 97 हजार 582 पेंशनधारक हैं। इनमें से 96 हजार 144 पेंशनधारक आधार कार्ड से लिंक हो चुके है। इनमें से 95 हजार 532 पेंशनधारकों के अकाउंट अपलोड हो चुके हैं। शहरी क्षेत्र में 31 हजार 902 और ग्रामीण क्षेत्र में 65 हजार 680 पेंशन धारक हैं।
वर्जन
पेंशन बनवाने के लिए लाभपात्रों को विभागीय कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पेंशन बनवाने के लिए ऑनलाइन फार्म भर सकते हैं। पेंशन रद्द होने के बारे में भी तुरंत पता चल सकेगा। आवेदकों को जल्द ही इस योजना का लाभ मिलने लगेगा।
अश्वनी मदान, जिला समाज कल्याण अधिकारी, पानीपत।