कोरोना संक्रमण का खतरा शहर में फिर से बढ़ता दिख रहा है। वीरवार को कोरोना से जिले में एक और मौत हो गई और 14 केस पॉजिटिव आए। जिले में कोरोना से हुई यह 158वीं मौत है। मृतक का शव मंगलवार को पुल के नीचे मिला था। जिसका स्वॉब सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था, जो पॉजिटिव मिला।
विधायक प्रमोद विज, उनकी पत्नी नीरू विज, सांसद संजय भाटिया के पिता जय दयाल भाटिया ने वीरवार को सिविल अस्पताल में कोरोना वैक्सीन लगवाई। इनके साथ वैक्सीन लगवाने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता उनके पति डॉ. अनिल गुप्ता भी पहुंचे। विधायक प्रमोद विज ने कहा कि देश में बनी कोरोना वैक्सीन पूरी तरह से सेफ है। हमें किसी भी भ्रांति में नहीं रहना चाहिए। लोगों को भी कोरोना वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक करना चाहिए। सांसद संजय भाटिया के पिता जय दयाल की उम्र 86 वर्ष हो चुकी है। उन्होंने वैक्सीन लगवाकर सबके सामने उदाहरण पेश किया है।
वैक्सीनेशन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. मनीष पासी ने कहा कि पूरे जिले में कोरोना वैक्सीनेशन कार्यक्रम चल रहा है। हमें वैक्सीन जरूर लगवानी चाहिए। अब छुट्टी के दिन भी सिविल अस्पताल में वैक्सीनेशन कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
- यहां मिले कोरोना पॉजिटिव केस
वीरवार को जिले में कोरोना संक्रमित 14 केस गांव उग्राखेड़ी, सेक्टर- 18, 11, गांव सिवाह, गांव नूरवाला, बाबरपुर मंडी, ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, अमर भवन चौक और मॉडल टाउन में मिले है। इनको होम आइसोलेट कर दिया गया है। वीरवार को 12 लोग कोरोना से ठीक हुए और 249 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। अब तक पानीपत में 11026 केस मिले चुके हैं, इसमें से 107 एक्टिव केस हैं । अब तक 10757 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। कोरोना से अब तक 158 लोगों की मौत हो चुकी है।