लकड़ी लेने बुधवार को कैथल गया कारोबारी अपने फोन से एक वॉइस मैसेज भेजने के बाद लापता है। अंतिम बार परिवार से उसकी बुधवार शाम को बात हुई थी और रात को उन्हें एक वॉइस मैसेज मिला। इसके बाद से उसका मोबाइल स्विच ऑफ है। परिजनों ने आशंका जताई है कि उसे किसी ने जहर खिलाकर मारने की कोशिश की है।
साईं कालोनी जाटल रोड निवासी सुशील कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई अरुण कुमार फर्नीचर का काम करता है । बुधवार को वह कैथल लकड़ी लेने गया था । शाम को करीब 4 बजकर 32 मिनट पर उसका कॉल आया कि असंध के पास पहुंच गया है । उसके बाद रात को 8:37 बजे उसके मोबाइल से ही एक वॉइस मैसेज व्हाट्सएप पर आया। वॉइस मैसेज में वह कह रहा कि उसे किसी ने कुछ खिला दिया है और उसे यह भी नहीं पता कि वह किस जगह पर है। उसके बाद से अरुण का मोबाइल फोन बंद हैं। उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। अब इसकी शिकायत असंध नहर नाका पुलिस को दी है । मामले की जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर फर्नीचर कारोबारी की खोज की जा रही है।