शामली जिले के कस्बे झिंझाना से मंगलवार को पानीपत काम ढूंढने आए दो दोस्तों को बाइक चोर समझकर कुछ लोगों ने ढाई घंटे तक पीटा। जिसमें एक दोस्त की मौत हो गई, जबकि दूसरे दोस्त को किशनपुरा चौकी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। बुधवार को परिजन दोनों को ढूंढते हुए पानीपत आए तो उन्हें घटना के बारे पता चला।
पुलिस को दी शिकायत में झिंझाना निवासी राहुल पुत्र सुरेश ने बताया कि वह चार बहन भाई हैं, जिनमें सबसे छोटा भाई अजय (17) 12 वीं का छात्र है। अजय मंगलवार को अपने दोस्त सौरभ के साथ काम की तलाश में पानीपत आया था। बुधवार को कॉल की तो अजय और सौरभ के फोन स्विच ऑफ आए। वे बुधवार को पानीपत पहुंचे, लेकिन दोनों का पता नहीं चला। वीरवार की सुबह सामान्य अस्पताल पहुंचे, जहां एक शव आने की बात पता चली। शिनाख्त की तो शव अजय का निकला। अस्पताल से जानकारी लेकर किशनपुरा चौकी पहुंचे। जहां पर पता चला कि अजय की खटीक बस्ती के लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी और घायल सौरभ पुलिस की हिरासत में है। खटीक बस्ती के अज्ञात आठ से दस लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है, पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को अजय के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
खटीक बस्ती के लोग बोले- काफी देर से घूम रहे थे, बाइक का लॉक तोड़ने का किया प्रयास
खटीक बस्ती के लोगों ने बताया कि मंगलवार की रात करीब ढाई बजे दो युवक खटीक बस्ती में काफी देर से घूम रहे थे, जिस पर उन्हें शक हुआ। एक युवक ने एक बाइक का लॉक तोड़ने का प्रयास किया। तभी दोनों को पकड़ लिया। मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई, जिन्होंने उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। सुबह साढ़े चार बजे एक साथी की हालत बिगड़र तो किशनपुरा पुलिस को बुलाकर दोनों को हवाले कर दिया। एक साथी को सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सौरभ बोला- चोर-चोर की आवाज लगाकर पीटना शुरू कर दिया
दोस्त सौरभ ने पूछताछ में बताया कि देर रात घूमते हुए खटीक बस्ती पहुंच गए। वह पैदल ही वहां से गुजर रहे थे, इसी बीच स्थानीय लोगों ने चोर-चोर की आवाज लगाई। भीड़ इकट्ठा हो गई और पीटना शुरू कर दिया। भागने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने हाथ पैर बांधकर दो घंटे तक पीटा। करीब पांच से छह लाठियां पीट पीटकर तोड़ दीं।
झिझाना थाने में कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज
मृतक अजय के भाई राहुल ने बताया कि पहले लगा कि झिंझाना में ही लापता हुए हैं तो वहां गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। लेकिन मंगलवार की रात को सौरभ ने एक कालोनी में मारपीट की जानकारी दी, लेकिन कालोनी का नाम उसे नहीं पता था।
खटीक बस्ती के लोगों ने बाइक चोरी के प्रयास की शिकायत नहीं दी है। मृतक के भाई ने खटीक बस्ती के अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या करने की शिकायत दी है। केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
- अंकित, एसएचओ- थाना चांदनीबाग