पानीपत। एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस टीम ने भंडारी गांव में शराब के ठेके पर हमला कर तोड़फोड़ व नकदी लूटने के मामले में आरोपी ऊंटला गांव के अंशुल को गिरफ्तार किया। टीम ने आरोपी को बुधवार शाम सिवाह बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया। वीरवार को आरोपी को अदालत के सामने पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
एंटी व्हीकल थेप्ट टीम इंचार्ज राकेश ने बताया कि चार अगस्त की रात को आदियाना गांव के जसबीर ने मतलौडा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि उन्होंने भंडारी गांव में शराब का ठेका ले रखा है। चार अगस्त को वह ठेके पर मौजूद थे। रात को करीब आठ बजे साहिल व उसके दो साथी ठेके पर आए और कम दाम में शराब देने की मांग की। उनकी कहासुनी होने पर उसने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुलाकर शराब ठेके में तोड़ फोड़ कर दी। बुधवार शाम को पुलिस ने आरोपी अंशुल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी साहिल, विवेक, सोनू, अमन, कृष व जसविंद्र के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।