पानीपत। पुत्रदा एकादशी पर मंगलवार को श्रद्धालुओं ने सुबह ही चुलकाना धाम में बाबा श्याम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंगलवार को जहां ठिठुरन से लोगों के हाथ-पैर ठिठुर रहे थे वहीं कुछ श्रद्धालु नंगे पैर धाम पहुंचे और मनोकामना पूर्ति पर बाबा का धन्यवाद किया।
एकादशी पर चुलकाना धाम श्याम बाबा के जयकारों से गूंजा। ठंड के बाद भी सैंकड़ों श्रद्धालु धाम पर बाबा के दर्शन करने पहुंचे जिन्होंने बाबा के दर्शन कर मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। मंदिर के प्रधान रोशनलाल छौक्कर ने बताया कि एकादशी व द्वादशी पर श्रद्धालुओं की भीड़ सामान्य दिनों से ज्यादा रहती है। अब सामान्य दिनों में भी पहले की अपेक्षा भीड़ रहने लगी है। मंगलवार को एकादशी पर श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह ही लगनी शुरू हो गई जो शाम तक चली। आस-पास के गांवों समेत दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु बाबा के दर्शन करने व आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचे। इस दौरान धाम बाबा के जयकारों से गूंजता रहा। कुछ लोग इतनी ठंड के बाद भी नंगे पांव मंदिर पहुंचे, कुछ अपने वाहनों से तो कुछ पैदल चलकर धाम आए। श्रद्धालुओं की भीड़ दिन-प्रतिदिन बढ़ने लगी है इसके लिए सेवादारों के साथ पुलिस प्रशासन की भी उचित व्यवस्था रहती है। सिंक निवासी सुशील और पवन ने बताया कि उन्होंने मन्नत मांगी थी कि वे मनोकामना पूर्ति के बाद बाबा के दर तक नंगे पांव चलकर जाएंगे। इसलिए वे मंगलवार को पुत्रदा एकादशी पर नंगे पांव चलकर पहुंचे और बाबा का मनोकामना पूर्ति पर धन्यवाद किया। धाम पर अपनी श्रद्धानुसार सभी को प्रसाद वितरित किया।