डीपीएस पानीपत रिफाइनरी में विद्यार्थियों को जागरूक करते डॉ. अशोक कुमार वर्मा। स्रोत : स्वयं
- डीपीएस पब्लिक स्कूल पानीपत रिफाइनरी में नशे के विरुद्ध विशाल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो द्वारा शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर डीपीएस पब्लिक स्कूल पानीपत रिफाइनरी में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में 1200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, स्वस्थ जीवन और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने अपने विशेष काव्यात्मक अंदाज, गीतों और प्रेरणादायक कविताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन के इतिहास, महापुरुषों के चरित्र, नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व निर्माण का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देश की रियासतों को एक सूत्र में पिरो कर राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखी। आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी भी आपसी भेदभाव भुलाकर राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करे।
उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की शारीरिक, मानसिक और सामाजिक शक्ति को कमजोर कर देता है। युवा अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, योग, अनुशासन और रचनात्मक कार्यों में लगाएं। स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने नशामुक्त भारत और एकता-अखंडता के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
5