- एसडी विद्या मंदिर सिटी में सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने शनिवार को एसडी विद्या मंदिर सिटी में सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बाल सुरक्षा, उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा लैंगिक अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पीयूष शर्मा, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष केडी शर्मा, जिला समन्वयक (कानूनी साक्षरता) डॉ. हितेश चंद शर्मा, बाल संरक्षण अधिकारी रजनी गुप्ता, पैनल अधिवक्ता सक्षम शर्मा, साइबर सेल के थाना प्रभारी सोमबीर और मनोवैज्ञानिक परामर्शदाता रवि के सानिध्य में हुआ। रहे।
अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पीयूष शर्मा ने विद्यार्थियों को अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान, व्यक्तिगत सीमाओं तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 के बारे में जानकारी दी और समझाया कि किसी भी व्यक्ति को बच्चों के साथ अनुचित व्यवहार करने का अधिकार नहीं है। ऐसी किसी भी स्थिति में बच्चों को बिना डर के अपने माता-पिता, शिक्षकों या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को बताना चाहिए। उन्होंने किशोरावस्था में मित्रता और संबंधों के प्रति सजग रहने तथा किसी के दबाव या बहकावे में न आने की सलाह दी। केडी शर्मा ने विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं माता-पिता के साथ खुलकर साझा करने और किसी भी परेशानी को न छिपाने की सलाह दी।
सोमबीर ने एआई के माध्यम से बनाए जाने वाले भ्रामक एवं आपत्तिजनक वीडियो, फोटो के दुरुपयोग और बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों को सचेत किया। उन्होंने मोबाइल फोन, व्यक्तिगत तस्वीरों और सिम कार्ड का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी तथा बताया कि अपनी व्यक्तिगत जानकारी या सिम किसी अन्य व्यक्ति को देना परेशानी का कारण बन सकता है।
रवि ने बाल शोषण के मानसिक प्रभावों पर चर्चा करते हुए बताया कि ऐसी घटनाओं से बच्चों में चिंता, अवसाद और मनोविकृति जैसी गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। प्रधानाचार्या जयश्री गर्ग ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को अपने अधिकारों, कर्तव्यों और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना भी है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के चेयरमैन सतीश चंद्रा, वाइस चेयरमैन ईश्वर गर्ग, ऑडिटर नीरज, सेक्रेटरी सुरेंद्र गुप्ता, एमएएसडी के अध्यक्ष अश्वनी मित्तल, एसडीवीएम हुडा के चेयरमैन तुलसी सिंगला उपस्थित रहे।