पानीपत। नववर्ष के जश्न पर ओमिक्रॉन ने ‘ग्रहण’ लगा दिया है। जिन लोगों ने शहर से बाहर जाकर नववर्ष मनाने का प्लान बनाया था, उन्होंने अपनी बुकिंग कैंसल करा दी है। इतना ही नहीं स्थानीय स्तर पर नए साल के कार्यक्रमों के लिए होटलों में एडवांस बुकिंग कराई गई थी, ये भी रद्द करा दी गई हैं।
गौरतलब है कि यूके से लौटी युवती और उसके पिता की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद 16 दिसंबर को उनके सैंपल दिल्ली भेजे गए गए। बाद में 22 नवंबर को आई जांच रिपोर्ट में पता चला दोनों केस ओमिक्रॉन के थे। हालांकि राहत वाली बात यह रही कि बाद की रिपोर्ट में वे दोनों निगेटिव पाए गए। इस बीच देश में ओमिक्रॉन के कई केस मिलने के बाद कोरोना की तीसरी लहर की आशंका की चर्चा तेज हो गई है। ऐसे में लोगों ने अपने प्रोग्राम कैंसल करने शुरू कर दिए हैं। दूसरी ओर सरकार ने भी रात का कर्फ्यू लागू कर दिया है।
ओमिक्रॉन केस मिलने से पहले इस बार नव वर्ष के लिए पानीपत के तमाम लोगों ने नवंबर में ही उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू एवं कश्मीर जाने के लिए बुकिंग कराई थी, लेकिन उनकी सारी प्लानिंग धरी रह गई। इस पर ओमिक्रॉन ने ‘ग्रहण’ लगा दिया। इसकी वजह से टूर एवं ट्रैवल्स का कारोबार 80 फीसदी गिर गया है। एडवांस बुकिंग वापस हो गईं। टूर एवं ट्रैवल्स एजेंसी संचालकों की मानें तो बीते दो वर्ष से सिर्फ घाटा ही हो रहा है, इस बार उम्मीद बंधी थी तो ओमिक्रॉन की वजह से कारोबार पर ब्रेक लग गया। वहीं होटल मालिकों का कहना है कि नए साल के कारोबार पर यह फिर से बड़ा झटका है। नाइट कर्फ्यू की वजह से सारी बुकिंग कैंसल हो गईं।
टैक्सी स्टैंड पर 55 मिनी बसों और 300 कारों को टूरिस्ट का इंतजार
पानीपत टैक्सी यूनियन में करीब 350 वाहन नए साल के दौरान बुक रहते थे। इस बार हालात ये हैं कि 55 मिनी बस और 300 कारें खड़ी हैं। कारोबार पूरी तरह से ठप है। टूर एवं ट्रैवल्स की ओर से कोई बुकिंग ही नहीं आई। व्यक्तिगत तौर पर भी बुकिंग नहीं मिलीं। बीते दो साल से हालात बेहद खराब हैं, वाहन की ईएमआई भी चुकाना मुश्किल हो रहा है। -सुभाष अहलावत, पूर्व प्रधान, टैक्सी यूनियन पानीपत
उत्तराखंड और हिमाचल जाते थे लोग, इस बार सन्नाटा
नवंबर में उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू एवं कश्मीर के पैकेज भी बुक किए, लेकिन बीते 13 दिन में ओमिक्रॉन की वजह से सारे पैकेज निरस्त हो गए। कारोबार 80 फीसदी गिर गया है। आरटीपीसीआर और डबल डोज की पाबंदियों की वजह से पैकेज निरस्त हुए हैं। बहुत कम ही लोग जा रहे हैं। उत्तराखंड सरकार ने यह भी अनिवार्य कर दिया है कि टूरिस्ट को अपने होटल और ठहरने के दिनों की संख्या भी जानकारी दी है। होटल बुकिंग की स्लिप होने पर ही राज्य में प्रवेश मिलेगा। - राम ग्रोवर, संचालक, सूरज हॉलीडेज टूर एवं ट्रैवल संचालक
नाइट कर्फ्यू से बुकिंग रद्द करा रहे हैं शहरवासी
पानीपत में मुख्य करीब 10 होटल और 100 से अधिक गेस्ट हाउस है, जिनके कारोबार पर ओमिक्रॉन का काफी असर पड़ रहा है, नए वर्ष पर पानीपत के साथ-साथ दूसरे जिलों से भी लोग आकर न्यू इयर पार्टी करते थे। इस साल की बात करे तो न्यू इयर से पहले ही बुकिंग शुरू हो गई थी, लेकिन ओमिक्रॉन के केस मिलने और सरकार की तरफ से नाइट कर्फ्यू लागू करने से लोग अब बुकिंग रद्द करा रहे हैं। अगर कोई 31 दिसंबर को कोई पार्टी करना चाहता है तो रात 10:30 से पहले ही कार्यक्रम संपन्न करना होगा। यह मुश्किल है। - ओपी माटा, संचालक, होटल डेज