पानीपत। शहर की पेयजल सप्लाई के लिए निगम की ओर से लगाए गए 20 करोड़ के टेंडर में भी अधिकारियों ने खेल कर दिया है। निगम ने चार माह पहले 20 करोड़ के दो टेंडर लगा दिए, जबकि टेंडर लगाने की प्रशासकीय अनुमति सिर्फ एक की थी। टेंडर खोला तो एक फर्म के रेट कम भी आए, लेकिन अधिकारियों ने जानबूझ कर काम ही अलॉट नहीं किया। जब निगम सदन ने इस पर सवाल जवाब किए तो अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ये टेंडर उनकी गलती से लग गया था। सरकार ने टेंडर की प्रशासकीय अनुमति तो एक दी थी, लेकिन अधिकारियों ने इसे दो भागों में बांट कर टेंडर लगा दिया। अब गलती को सुधारते हुए रि-टेंडर किया जाएगा।
इसके एवज में अधिकारी पिछले करीब एक साल से पुराने टेंडर को ही बार-बार एक्सटेंड कर पेयजल सप्लाई का करवा रहे हैं। जनप्रतिनिधियों का कहना है अधिकारी चहेते ठेकेदार को ये टेंडर अलॉट करना चाहते हैं। यही कारण है कि पिछले एक साल से पुराने ठेकेदार से ही काम कराया जा रहा है। नया टेंडर लगाया, लेकिन इसे गलत तरीके से लगा दिया गया। इसके माइनस के रेट आए तो अब अधिकारी इसे खोल नहीं रहे हैं। गलती पकड़ने की बात की जा रही है, लेकिन कार्रवाई शून्य है।
निगम अधिकारियों ने दिसंबर 2022 में रेलवे लाइन के पूर्व दिशा की ओर शहर में पानी सप्लाई के लिए सात करोड़ और पश्चिम दिशा वाले शहर के लिए 13 करोड़ का टेंडर लगाया। इसे खोल भी दिया गया, लेकिन काम अलॉट नहीं किया। इस गड़बड़झाले की आशंका के चलते अब निगम की वाटर एंड डिस्पोजल कमेटी ने निगम अधिकारियों की बैठक बुलाने की बात कही है। बैठक में अधिकारियों से टेंडर की पूरी प्रक्रिया पूछी जाएगी। पुराने टेंडर के अनुसार हर माह निगम कितने का भुगतान पुराने ठेकेदार को कर रहा है, इस पर सवाल जवाब होंगे।
पेयजल सप्लाई के टेंडर को लेकर भरे सदन में अधिकारियों ने अपनी गलती स्वीकार की है, लेकिन अब तक अधिकारी पूरा रिकॉर्ड पेश नहीं कर पाए हैं। इसे लेकर शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें स्थिति स्पष्ट होगी। अगर इसमें झोल मिला तो सरकार को कार्रवाई के लिए पत्राचार किया जाएगा।
- अंजलि शर्मा, पार्षद वार्ड तीन, प्रधान वाटर एंड डिस्पोजल एडहॉक कमेटी।
सदन के सामने टेंडर में गलती की बात सामने आई है। यह गंभीर मामला है। इसे लेकर अधिकारियों से पत्राचार कर सवाल किए जाएंगे। इसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- दुष्यंत भट्ट, सीनियर डिप्टी मेयर।
जल्द कराएंगे टेंडर
शहर की पेयजल सप्लाई का टेंडर जल्द किया जाएगा। इसे लेकर निगम की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
- राहुल नरवाल, आयुक्त, नगर निगम।