पानीपत। महाराजा अग्रसेन उजाला सिग्नस अस्पताल के पास चोरों ने व्यापारी के घर में सेंधमारी करते हुए 11 लाख रुपये के जेवर और 80 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। व्यापारी की पत्नी ने चोर को घर से निकलते देेखकर शोर मचाया तो व्यापारी ने उसका पीछा किया। इस बीच चोर पड़ोसी की छत पर कूद गया। भागते हुए चोर की हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मौके पर पहुंची सिटी थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया। व्यापारी के मुताबिक, चोरों की संख्या तीन थी।
किला थाना क्षेत्र स्थित अग्रसेन अस्पताल के पास गली नंबर-5 निवासी नरेश कुमार ने बताया कि उनका इंसार बाजार में कपड़ों का कारोबार है। पहली मंजिल पर उनका परिवार और दूसरी मंजिल पर परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे। रात करीब साढ़े तीन बजे पत्नी मोनिका की चीख से उनकी नींद टूटी। पहली मंजिल पर उनके बेडरूम में बगल वाले कमरे से एक चोर को निकलता देखकर पत्नी ने शोर मचाया था। वे चोर ने पीछे भागे और उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन चोर पड़ोसी राजन की छत पर कूद गया। उसने फिर गली में छलांग लगा दी। जहां पहले से ही उसके दो साथी मौजूद थे। फिर तीनों वहां से भाग निकले।
पड़ोसी के किरायेदारों को भी पता नहीं लगा
पड़ोसी की छत पर किरायेदार भी सो रहे थे, उन्हें भी चोरों के आने या जाने का पता नहीं चला। अनुमान लगाया जा रहा है कि तीनों चोर पड़ोसी राजन की छत से ही उनके घर में दाखिल हुए और फिर वहीं से भागे भी।
दरवाजा खुला था, पर अलमारी-लॉकर बंद थे
कपड़ा कारोबारी नरेश कुमार ने बताया कि कमरे का ताला तो खुला था, लेकिन अलमारी और लॉकर बंद थे। चोर ने अलमारी और फिर लॉकर का ताला तोड़कर करीब 22 तोले सोने और 10 तोले चांदी के गहनों के साथ 80 हजार रुपये चोरी कर लिए।
कपड़ा कारोबारी की शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज में चोर दिखाई दिए हैं, उसके आधार पर उनकी धपड़कड़ का प्रयास किया जा रहा है।
- सुनील कुमार, सिटी थाना प्रभारी