पानीपत। टोल प्लाजा पानीपत पर किसानों के बाद अब आसपास के 10 गांवों के ग्रामीणों ने आंदोलन शुरू किया है। मंगलवार को आंदोलनकारी ग्रामीणों ने मांग की कि 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों के ग्रामीणों से टोल न लिया जाए। यह निशुल्क रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी कि अभी सिर्फ 10 गांवों के कुछ लोग ही आए हैं। मांग पूरी नहीं हुई तो सभी गांवों से लोग धरना देंगे। ग्रामीणों ने इसके लिए अगले मंगलवार तक का समय दिया है।
गांव बाबरपुर, शिमला मौलाना, निजामपुर, बडौली, गांजबड़, कचरौली, रजापुर सहित 10 गांवों के साथ ही सेक्टर-18 में रहने वाले लोगों ने भी प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि दवा लेने भी जाना हो तो टोल की लाइन में आधा घंटे इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जब तक यह टोल फ्री नहीं हो जाता है, वे प्रदर्शन करते रहेंगे। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि बसताड़ा और मुरथल टोल पर आईडी कार्ड दिखाकर जाने दिया जाता है वहीं पानीपत में 13 वर्ष से हम लोग टोल चुका रहे हैं। नाराज गांव वासियों ने टोल मैनेजर और बाद में लघु सचिवालय में उपायुुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने अगले मंगलवार तक का समय दिया है। इसके बाद अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी।
अपने हक की रहे हैं मांग कर
किसान एवं आसपास के गांवों के ग्रामीण अपने हक की मांग कर रहे हैं। टोल के 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों के लिए टोल फ्री होना चाहिए। नियम बनाकर उनका आईडी कार्ड देखा जाए और टोल से जाने दिया जाए। गांवों के साथ सेक्टर-18 के निवासियों को भी दिन में दो से तीन बार टोल देना पड़ता है। -बिंटू मलिक, पूर्व उपप्रधान, भाकियू
रोज हमें दो से तीन बार बाबरपुर से पानीपत जाना पड़ता है। हर बार हमें करीब आधे घंटे का इंतजार करना पड़ता है। हर बार टोल का भुगतान करना पड़ रहा है। ग्रामीण लाखों रुपये सिर्फ टोल ही दे चुके हैं। बसताड़ा एवं मुरथल टोल पर आईडी कार्ड दिखाकर जाने दिया जाता है, जबकि पानीपत में 13 वर्ष से टोल चुका रहे हैं। -राजेंद्र शर्मा, बाबरपुर मंडी, सरपंच
जिले के सभी गांवों के ग्रामीणों के लिए पास बनाने का नियम है। ग्रामीण 265 रुपये में पूरे महीने का पास बनवा सकते हैं। दिन में कितनी बार भी आ और जा सकते हैं। अभी पास के जरिए ही ग्रामीणों को टोल से गुजारने का नियम है। हालांकि ग्रामीणों की ओर से सौंपा गया ज्ञापन एनएचएआई को भेज दिया गया है। - योगेश शुक्ला, टोल मैनेजर, पानीपत
पानीपत। पानीपत टोल टैक्स के मैनेजर को ज्ञापन सौपते हुए विभिन्न गांव के ग्रामीण।- फोटो : Panipat