पानीपत। अब हरियाणा सरकार नगर निगम को एग्रो मॉल खरीदने और सब्जी मंडी में इंडोर स्टेडियम बनाने के पूरे 124 करोड़ रुपये देगी। इसमें से एग्रो मॉल को खरीदने के पूरे 72 करोड़ रुपये तो सरकार ने नगर निगम को ट्रांसफर भी कर दिए हैं। वहीं इंडोर स्टेडियम के पूरे 52 करोड़ भी सरकार द्वारा निगम को दिए जाने की सीएम ने झंडी दे दी है। पहले इन दोनाें बड़े प्रोजेक्ट में कुछ पैसा सरकार और कुछ पैसा निगम को देना था, लेकिन अब पूरा पैसा सरकार देगी।
सीएम से हुई बैठक में ये मांग भाजपा महामंत्री एवं वार्ड दस के पार्षद रविंद्र भाटिया ने रखी थी। जिस पर सीएम ने तुंरत प्रभाव से संज्ञान लेकर दोनों प्रोजेक्ट के बजट को पास कर दिया है। रविंद्र भाटिया ने बताया कि चंडीगढ़ सीएम मनोहर लाल से अपने वार्ड के दो बड़े प्रोजेक्ट पर बातचीत की। उन्होंने इनके लंबित होने के कारण और पूरा होने पर शहरवासियों को होने वाले लाभ के बारे में बताया।
उल्लेखनीय है कि कि एग्रो मॉल मार्केट कमेटी का है। यहां का सीएम खुद दौरा कर चुके हैं। इसमें नगर निगम के दोनाें कार्यालयों को शिफ्ट कराने का प्लान दो साल पहले बन चुका है। मार्केटिंग कमेटी ने एग्रो मॉल की कीमत करीब 72 करोड़़ रुपये लगाई थी। जिसमें से नगर निगम को दस प्रतिशत यानी करीब 7.2 करोड़ और बाकी 90 प्रतिशत पैसा राज्य सरकार को देना तय हुआ था। दो साल से लंबित इस मामले पर जब कार्रवाई नहीं हुई तो रविंद्र भाटिया ने ये प्रस्ताव सीएम के साथ हुई बैठक में रखा। इसके अलावा वार्ड दस में ही सब्जी मंडी की जगह में इंडोर स्टेडियम भी बनना है। इस पर करीब 52 करोड़ का खर्च आएगा। इसकी डीपीआर तैयार हो चुकी है। पहले दिव्य नगर योजना के अनुसार इस बजट में से नगर निगम को 50 प्रतिशत और राज्य सरकार को बाकी के 50 प्रतिशत पैसा देना था। ये प्रोजेक्ट भी करीब चार साल से लंबित है। अंतत: अब सीएम ने इस प्रोजेक्ट का पूरा फंड भी राज्य सरकार की ओर से देने की पार्षद की मांग को पूरा कर दिया है।