पानीपत। जीटी रोड स्थित पानीपत पोस्ट ऑफिस।
- फोटो : Panipat
पानीपत। अब डाकघरों को कोर बैंकिंग सेवाओं से जोड़ा जाएगा। यानी किसी भी निजी या सरकारी बैंक की तरह ही डाकघर भी बैंकिंग सेवाएं प्रदान करेगा। इसके साथ ही इंटरनेट बैंकिंग भी शुरू की जाएगी। लोगों को डाकघर की बैंकिंग सेवा के लिए गांवों से शहर के मुख्य डाकघर में नहीं आना पड़ेगा, स्मार्टफोन से ही बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाया जा सकेगा। डाकघर ने इस दिशा में तैयारी शुरू कर दी है और जल्द ही ये सेवाएं पानीपत डाकघर में उपलब्ध होगी।
इंटरनेट बैंकिंग शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों और किसानों को फायदा होगा। ब्लॉक के किसानों को अभी तक रकम निकालने, जमा करने या किसी के खाते में जमा कराने के लिए मुख्य डाकघर आना पड़ता है। किसान संजीव दहिया ने बताया कि उन्हें गांव डिकाडला से समालखा अनाजमंडी स्थित डाकघर आना होता है, तभी डाकघर की बैंकिंग सेवा का लाभ उठा पाते हैं। इससे परेशानी होती है।
नए खाताधारकों से आवेदन लिए जाना किया गया शुरू
नए खाते खोलने पर खाता धारकों से अभी से ही आवेदन फार्म पर ई - बैंकिंग और एटीएम की सेवा शुरू करवाने आवेदन लिया जा रहा है। जिससे आने वाले समय में खाता धारकों को ई - बैंकिंग और एटीएम की सुविधा डाकघर देगा। पानीपत मुख्य डाकघर में एटीएम लगाया गया है, हालांकि इसे अभी शुरू नहीं किया जा सका है।
जिले के सभी डाकघर को आने वाले समय में कोर बैंकिंग से जोड़ा जाएगा। साथ ही उनको ई-बैंकिंग की सुविधा दी जाएगी। जिससे लोगों को डाकघर में आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वह घर बैठे ही पैसे एक अकाउंट से दूसरे अकाउंट में अन्य बैंकों की तरह भेज सकेंगे।
- नरेश धीमान, पोस्टमास्टर पानीपत