ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना करते प्रशासनिक अधिकारी व अन्य। रिफाइनरी
पानीपत। भारतीय सेना की परिचालन तैयारियों और सामरिक ताकत को मजबूत करने के लिए शनिवार को इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने पानीपत मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स से भारतीय सेना की पूर्वी कमान के लिए एक्सट्रीम वेदर ग्रेड (एक्सडब्ल्यूजी) हाई स्पीड डीजल की पहली रेक को रवाना किया।
इस विशेष ईंधन की आपूर्ति से अब देश की उत्तरी सीमाओं के साथ-साथ पूर्वी सीमांत क्षेत्रों में तैनात भारतीय सेना के वाहनों और उपकरणों को शून्य से नीचे के तापमान में निर्बाध ऊर्जा मिलेगी। इस विशेष ट्रेन (रेक) को थल सेनाध्यक्ष कार्यालय के महानिदेशक (आपूर्ति एवं परिवहन) एवं वरिष्ठ कर्नल कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल मुकेश चड्ढा ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दाैरान इंडियन ऑयल के कंट्री हेड (इंस्टीट्यूशनल बिजनेस) के जॉन प्रसाद और पानीपत रिफाइनरी के कार्यकारी निदेशक एवं प्रमुख एमएल डहरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। माइनस तापमान में भी वाहनों को रफ्तार मिलेगी
इंडियन ऑयल द्वारा विकसित यह एक्सट्रीम वेदर ग्रेड डीजल विशेष रूप से अत्यधिक ठंड और उच्च हिमालयी क्षेत्रों की भीषण परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। अत्यधिक ठंड में सामान्य डीजल जम जाता है, जिससे सेना के वाहनों के इंजन काम करना बंद कर देते हैं।
एक्सडब्ल्यूजी डीजल की उन्नत निम्न-तापमान कार्यक्षमता (लो-टेंपरेचर फ्लूइडिटी) कठिन-से-कठिन भौगोलिक क्षेत्रों और विषम मौसम में भी सेना के वाहनों को सुचारू रूप से संचालित करने में सक्षम बनाती है। ब्यूरो