पानीपत। प्रदेश सहित जिले के आईटीआई पास करने वाले युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने की दिशा में कौशल विकास एवं प्रशिक्षण विभाग ने व्यापक कदम उठाने शुरू किए हैं। इसी के तहत अब उद्योगों या कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों का डाटा अप्रेंटिस पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है। वहीं, आईटीआई पास युवाओं की प्लेसमेंट लगाने की योजना तैयार की गई है। योजना से जिले के सभी 13 आईटीआई से पास 2236 युवाओं को उद्योगों व कंपनियों में आसानी से काम करने का अवसर मिल सकेगा। योजना के तहत अब सभी उद्योगों को अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर रजिस्टर्ड किया जाएगा। उद्योगपतियों को अपने उद्योग पोर्टल पर रजिस्टर्ड करवाने के साथ ही कार्यरत कर्मचारियों की संख्या भी दर्ज करनी होगी। इस योजना के शुरू होने के बाद जहां युवा पोर्टल पर रिक्त सीटें देखकर अप्लाई कर सकेंगे, वहीं उद्योगपतियों को भी इस योजना से फायदा मिलेगा।
आईटीआई पास युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने के लिए जिले की सभी 8 आईटीआई से 8 टीमों का गठन किया गया है। इसमें आईटीआई प्लेसमेंट के कर्मचारी भी शामिल हैं। टीम के अध्यक्ष जिला उपायुक्त होंगे जबकि जिले के सहायक शिक्षुता सलाहकार टीम के सचिव होंगे। इसके अलावा जिला रोजगार अधिकारी, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, श्रम विभाग के जिलाधिकारी, कम से कम दो स्थानीय उद्योग धंधों के प्रतिनिधि, बिजली विभाग के अधीक्षक, जिला आबकारी व कराधान अधिकारी, पर्यावरण विभाग के जिला अधिकारी, जिला रोडवेज महाप्रबंधक, जिला अग्रणी बैंक अधिकारी तथा जिला कौशल समन्वयक टीम के सदस्य होंगे। संवाद
मुख्य बिंदू
कंपनियों की सबसे बड़ी दुविधा ईएसआई और पीएफ लागू करने की होती है, लेकिन अप्रेंटिस पर लगे युवाओं के लिए ईएसआई, पीएफ व लेबर लॉ लागू नहीं होता।
अप्रेंटिस पर लगाए गए युवाओं को नियमित कर्मचारी के मुकाबले बेहद कम वेतन देना होगा।
अप्रेंटिस पर लगे युवाओं को कंपनी द्वारा वेतन के रूप में 8050 रुपये देने होते हैं। इसमें से भी सरकार द्वारा कंपनी को प्रति युवा 1500 रुपये वापस कर दिए जाते हैं। इसके लिए कंपनी को आईटीआई में प्रति तिमाही पर क्लेम करना होगा।
कंपनी अप्रेंटिसशिप पर जो खर्च करेगी, वह सीएसआर में कवर हो जाएगा। साथ ही कंपनी को काम करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारी भी मिल जाएंगे।
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा तैयार योजना में ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए उद्योगों को भी पोर्टल पर रजिस्टर्ड कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि युवा पोर्टल पर कंपनियों में रिक्त सीटें देखकर आवेदन कर सके।
-डॉ. कृष्ण कुमार, प्रधानाचार्य एवं नोडल ऑफिसर, आईटीआई, पानीपत।